नौकरी छिनने का विरोध, एएलएस एंबुलेंस के पहिए थमे
जागरण संवाददाता फतेहपुर प्रदेश में 102 108 और एएलएस एंबुलेंस संचालन का काम देख रही
जागरण संवाददाता, फतेहपुर : प्रदेश में 102, 108 और एएलएस एंबुलेंस संचालन का काम देख रही जीवीके कंपनी का करार अब सरकार से खत्म हो गया। सरकार ने एंबुलेंस संचालन का करार अब जिगित्सा हेल्थ कंपनी के साथ किया है। नई कंपनी ने पुराने कर्मचारियों को हटाने का काम शुरू करते हुए नए कर्मचारी रखने शुरू किए हैं। पहले चरण में कंपनी ने जनपद स्तर पर एएलएस (एडवांस लाइफ सपोर्ट ) एंबुलेंस स्टाफ की छटनी करते हुए नए कर्मचारी नियुक्त किए हैं। शनिवार को पुराने कर्मचारियों ने नौकरी छीने जाने के विरोध में प्रदर्शन किया और अब एनएचएम से रखे जाने की मांग की।
जिलाध्यक्ष अवनीश पांडेय के साथ मनोज कुमार यादव ने कहा, कंपनी बदली है, लेकिन कर्मचारियों को बदलना गलत है। आज एएलएस के कर्मचारी हटाए जा रहे हैं, कल 108 व 102 के कर्मचारी हटाए जाएंगे। जीवन दायनी स्वास्थ्य संगठन (जीवीके कंपनी के कर्मचारियों द्वारा निर्मित) इसका पुरजोर विरोध करेगा। आज सिर्फ सांकेतिक धरना दिया गया है, किसी प्रकार की सेवाएं प्रभावित नहीं की गई है। लेकिन अगर नौकरी बहाल नहीं की गई तो सेवाएं भी प्रभावित की जाएगी और सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन भी किया जाएगा। कोई सेवा प्रभावित नहीं : अंकित
एंबुलेंस सेवा के जिला प्रभारी अंकित दुबे ने बताया कि कर्मचारियों ने सांकेतिक हड़ताल की थी, जिन वाहनों के पास काल नहीं थी उन्हें टीबी अस्पताल के सामने ले गए। लेकिन जिन वाहनों के लिए काल थी वह बराकर क्षेत्र में मरीज लाने का काम कर रही थी। सेवाएं कहीं से प्रभावित नहीं हुई है।