थामा एक दूजे का हाथ, जीवन भर रहेंगे साथ-साथ

जागरण टीम फतेहपुर कोरोना के कारण ठिठके सरकारी कार्य अब गति पकड़ने लगे हैं।

By JagranEdited By: Publish:Sat, 24 Jul 2021 08:12 PM (IST) Updated:Sat, 24 Jul 2021 08:12 PM (IST)
थामा एक दूजे का हाथ, जीवन भर रहेंगे साथ-साथ
थामा एक दूजे का हाथ, जीवन भर रहेंगे साथ-साथ

जागरण टीम फतेहपुर : कोरोना के कारण ठिठके सरकारी कार्य अब गति पकड़ने लगे हैं। शनिवार को वर्ष का सबसे बड़ा सामूहिक विवाह जिले के अलग-अलग आठ स्थलों पर हुआ। मंत्री, विधायक व अफसर इस विवाहोत्सव के साक्षी बने। कोरोना प्रोटोकाल के बीच 150 जोड़ों ने एक दूजे का हाथ थाम जीवन भर साथ-साथ रहने का संकल्प लिया और शादी के अटूट बंधन में बंध गए। हर्ष और उल्लास के साथ हुए विवाह में स्वागत भी हुआ, वैदिक विधान का भी ख्याल रखा गया। बेटियों को बिछिया, पायल, बर्तन, कपड़े और मोबाइल सेट उपहार में देकर विदा किया गया।

हसवा ब्लाक परिसर में भिटौरा ब्लाक के पांच, नगर पालिका परिषद के पांच और हसवा ब्लाक के 11 जोड़ों की शादी विधायक विक्रम सिंह, ब्लाक प्रमुख विकास पासवान, एसडीएम प्रमोद झा की मौजूदगी में संपन्न हुई। असोथर ब्लाक परिसर में 22 जोड़ों का विवाह हुआ। यहां विधायक विकास गुप्ता, प्रकाश गुप्ता, राम किकर व प्रवीण सिंह आदि ने उपहार देकर बेटियों को विदा किया। हथगाम ब्लाक परिसर में 18 जोड़ों ने सात फेरे लेते हुए नए जीवन की शुरूआत की। मुख्य अतिथि के रूप में खाद्य एवं रसद राज्यमंत्री रणवेंद्र प्रताप सिंह उर्फ धुन्नी सिंह, ब्लाक प्रमुख रामा देवी, जिला पूर्ति अधिकारी अंजनी सिंह रहे। विजयीपुर परिसर में भी शहनाई बजी यहां 20 जोड़ों ने सात फेरे लिए। विधायक कृष्णा पासवान, ब्लाक प्रमुख प्रतिनिधि आदित्य त्रिवेदी, बीडीओ गोपीनाथ पाठक, हिमांशु त्रिपाठी, अजय मिश्र आदि रहे। धाता ब्लाक परिसर में 12 जोड़ों का विवाह हुआ। सीडीओ सत्य प्रकाश, समाज कल्याण अधिकारी केएस मिश्र तथा ब्लाक कर्मी रहे। खजुहा ब्लाक में 16 जोड़ों का सामूहिक विवाह संपन्न कराया गया। यहां पर विधायक करण सिंह पटेल, ब्लाक प्रमुख प्रतिनिधि नागेंद्र कुमार उत्तम ने उपहार भेंट किए। अमौली ब्लाक का आयोजन एक गेस्ट हाउस में हुआ जहां अमौली के 18 जोड़े व देवमई ब्लाक के 9 जोड़ों का वैवाहिक कार्यक्रम संपन्न हुआ। यहां पर जहानाबाद कस्बे से मुस्लिम जोड़ा साजिदा खातून व शकील खान का मौलवी एजाज हाफिज ने निकाह पढ़ाया। मुख्य विकास अधिकारी सत्य प्रकाश व कारागार मंत्री के प्रतिनिधि कैलाश शर्मा न जोड़ों को उपहार व आशीर्वाद दिया। मलवां ब्लाक में 15 जोड़ों का विवाह समारोह संपन्न हुआ। यहां पर विधायक करण सिंह पटेल, प्रशिक्षु आइएएस अधिकारी निधि बंसल आदि रहीं। रजिस्ट्रेशन न होने से मंदिर में रचाई शादी

कौशांबी जनपद के चौपुरवा गांव के रहने वाले सचिन अल्लीपुर मजरे टेनी की मुस्कान से शादी करने आए थे। रजिस्ट्रेशन नहीं हुआ तो हथगाम ब्लाक के बाहर बने शिव मंदिर में जाकर दोनों ने शादी कर ली। असोथर अव्यवस्थाओं के बीच विवाह

असोथर ब्लाक में पानी, लंच पैकेट अधिकांश लोगों को नहीं मिले। विवाह देखने आए तुलसी के डेरा निवासी रजोली बेहोश होकर मंडप में ही गिर गए। बहुआ के सात व सुजानपुर के एक जोड़े ने आधे-अधूरे कपड़े मिलने का विरोध किया। भाकियू महिला लोक शक्ति संगठन की जिला अध्यक्ष ने दस हजार की सामग्री पर सवाल उठाते हुए हंगामा किया बाद पुलिस बुलाकर मामले को शांत कराया गया।

chat bot
आपका साथी