फतेहपुर के औंग में फंसा मुआवजे का पेंच, जाम से जूझने को मजबूर हो रहे राहगीर
संवाद सहयोगी औंग (फतेहपुर) प्रयागराज हाईवे चौड़ीकरण कार्य में औंग कस्बे में मुआवजे का
संवाद सहयोगी, औंग (फतेहपुर) : प्रयागराज हाईवे चौड़ीकरण कार्य में औंग कस्बे में मुआवजे का पेंच फंसा हुआ है। कस्बे के करीब 60 लोग चौड़ीकरण के दौरान प्रभावित हो रहे हैं। एनएचआइ ने पैमाइश के दौरान पहले मध्य सड़क से 22 मीटर चौड़ाई में दोनों और निशान लगाए। इस आधार पर मुआवजा तय हो गया। अब मुआवजा तय होने के बाद तीन मीटर चौड़ाई बढ़ाकर 25 मीटर पर सीमांकन कर दिया। मुआवजे की राशि 22 मीटर पर देने की बात कर रही है। इसके चलते काम रुकने से जनता जाम से जूझ रही है।
मुआवजे को लेकर कस्बे के प्रभावित होने वाले लोगों ने आपत्ति भी दर्ज करा रखी है। हालांकि अभी तक इनकी आपत्ति का निस्तारण नहीं हो सका है। मुआवाजे की मामला फंस जाने के कारण कस्बे में अधिग्रहण के जद में आने वाले मकानों को एनएचआइ अभी खाली नहीं करा पाई है। बिना सर्विस लेन बनाए यहां पर पुल निर्माण शुरू करा दिया गया। इस कारण कस्बे में रुक-रुक कर जाम लगता रहता है। जाम की समस्या से कानपुर-प्रयागराज आने-जाने वालों परेशानी उठानी पड़ती है। अधिग्रहण से प्रभावित लोगों की जुबानी
एनएचआइ अधिकारियों द्वारा सही मुआवजा नहीं दिया गया है। उचित मुआवजे की मांग कर रहे हैं। जैसे ही मुआवजा मिल जाएगा। अधिग्रहण वाली भूमि से मकान खुद गिरा देंगे।
धर्मेंद्र सिंह पटेल
मकान का सही मूल्यांकन अधिकारियों ने नहीं किया है। एनएचआइ से कई जन सूचना के जानकारी मांगी गई है। इसके बाद भी अधिकारी मुआवजे व अधिग्रहण की गई भूमि की जानकारी नहीं दे रहे।
राकेश कुमार
पहले मकान का कुछ हिस्सा गिराने को कहा गया था, अब तीन मीटर बढ़ाकर मकान को खाली करने को कहा जा रहा है। जब तक सही मुआवजा नहीं मिलेगा, तब तक मकान को खाली नहीं करेंगे।
संजय
हाईवे के अधिकारियों द्वारा केवल मकान गिराने की बात कहीं जाती है। जब पूछा जाता है कि कितने का मुआवजा दिया किस रेट से दिया तो यह जानकारी नहीं दी जाती है। चुपचाप मौके से निकल जाते हैं।
दीपू पांडेय
----
औंग कस्बे में मुआवजे को लेकर जो समस्या है, उसे लेकर प्रभावित लोगों ने प्रार्थना पत्र दिया है। उनके प्रार्थना पत्र पर विचार करते हुए यह निर्णय लिया गया है कि एनएचआइ व बिदकी तहसील के राजस्व अधिकारियों की एक टीम पूरे मामले की जांच करेगी। इसके बाद जो रिपोर्ट आएगी उस पर निर्णय लिया जाएगा।
प्रमोद झा, एसडीएम सदर फतेहपुर