कर्मचारियों की अघोषित हड़ताल से ठप हुई पानी की सप्लाई

संवाद सहयोगी कायमगंज कायमगंज नगर पालिका में समस्याएं कम होने के बजाए बढ़ती जा रही हैं।

By JagranEdited By: Publish:Sat, 30 Oct 2021 05:55 PM (IST) Updated:Sat, 30 Oct 2021 05:55 PM (IST)
कर्मचारियों की अघोषित हड़ताल से ठप हुई पानी की सप्लाई
कर्मचारियों की अघोषित हड़ताल से ठप हुई पानी की सप्लाई

संवाद सहयोगी, कायमगंज : कायमगंज नगर पालिका में समस्याएं कम होने के बजाए बढ़ती जा रही हैं। सफाई कर्मियों का मुद्दा पूरी तरह सुलझा भी न था कि जलापूर्ति, स्ट्रीट लाइट व अन्य विविध कार्यों में लगे आउटसोर्सिंग कर्मचारियों ने हड़ताल की चेतावनी के साथ नगर पालिका के कार्यों में कांटे बिछा दिए। अघोषित हड़ताल का संकेत देते हुए शनिवार की सुबह जलापूर्ति ठप कर दी।

छह माह का पारिश्रमिक न मिलने के मुद्दे पर सफाई कर्मचारियों की हड़ताल से नगर कई दिनों तक गंदगी का दंश झेल चुका है। दीपावली से पहले सफाई कर्मियों ने फिर हड़ताल का अल्टीमेटम दिया तो अगले ही दिन आउटसोर्सिंग में लगे स्ट्रीट लाइट के लाइनमैन, सीढ़ी कर्मचारी, ट्यूबवेल आपरेटर, जेनरेटर आपरेटर, हैंडपंप व जल आपूर्ति पाइप मरम्मत के कार्यों में लगे कर्मचारियों ने यह कहकर हड़ताल का अल्टीमेटम दिया कि उन्हें भी छह माह से वेतन नहीं मिला। इसी मुद्दे पर शनिवार सुबह जलापूर्ति ठप कर दी गई। हालांकि हड़ताली कर्मचारियों का न कोई संगठन बना, न ही वह विरोध जताने कहीं बैठे, बस जलापूर्ति बाधित कर हड़ताल का संकेत दिया गया। शनिवार सुबह पानी सप्लाई न मिलने पर लोग परेशान हो गए। जैसे ही इसकी जानकारी पालिकाध्यक्ष सुनील चक व जलकल अवर अभियंता प्रशांत कुमार को हुई। उन्होंने कर्मचारियों से संपर्क साधा व भरोसा दिया कि उन्हें भी दीपावली से पहले वेतन मिल जाएगा। पालिकाध्यक्ष सुनील चक ने बताया कि जलापूर्ति बाधित करने वाले कर्मचारियों को चिह्नित किया जा रहा है। जलापूर्ति जैसे अनिवार्य कार्य में बाधा डालने वालों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

chat bot
आपका साथी