1322 स्कूलों में पांच साल से नहीं खरीदे गए बर्तन

जागरण संवाददाता फर्रुखाबाद जिले के 1322 परिषदीय विद्यालयों में बच्चे घर से बर्तन लाकर मिडडे

By JagranEdited By: Publish:Tue, 22 Jun 2021 08:47 PM (IST) Updated:Tue, 22 Jun 2021 08:47 PM (IST)
1322 स्कूलों में पांच साल से नहीं खरीदे गए बर्तन
1322 स्कूलों में पांच साल से नहीं खरीदे गए बर्तन

जागरण संवाददाता, फर्रुखाबाद : जिले के 1322 परिषदीय विद्यालयों में बच्चे घर से बर्तन लाकर मिडडे मील खाते हैं या फिर उन्हें पुराने व टूटे बर्तनों में मिलता है। इन स्कूलों में पांच सालों से बर्तनों की खरीद नहीं हुई है। बर्तन खरीद में लगभग 61.65 लाख का खर्च आएगा। जिम्मेदार भी इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहे हैं। परिषदीय विद्यालयों में मिडडे मील (पका हुआ भोजन) बर्तनों पर दिए जाने के आदेश शासन ने दे रखे हैं। प्रति विद्यालय बर्तन खरीद को पांच हजार रुपये मिलते हैं। जिले के बढ़पुर, राजेपुर, शमसाबाद, कायमगंज, मोहम्मदाबाद, कमालगंज व नवाबगंज ब्लाक के लगभग 1322 विद्यालय ऐसे हैं, जिनमें पांच सालों से बर्तनों की खरीद ही नहीं हुई है। बर्तनों की खरीद के लिए बेसिक शिक्षा विभाग के अधिकारी भी कोई ध्यान नहीं दे रहे हैं। यही वजह है कि पांच साल में बर्तन खरीद के लिए एक धेला तक नहीं मिला है। मिडडे मील प्रभारी वेगीश गोयल ने बताया कि नवंबर 2020 में बेसिक शिक्षा विभाग ने उन विद्यालयों की सूची मांगी थी, जिसमें पांच साल से बर्तनों की खरीद नहीं हुई है। जिले में 1322 विद्यालय चिह्नित कर बर्तन खरीद का प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजा गया था, लेकिन अभी तक कोई बजट नहीं मिला है। बजट मिलते ही बर्तनों की खरीद की जाएगी। उन्होंने बताया कि लगभग 61.65 लाख रुपये बर्तन खरीद के लिए चाहिए।

chat bot
आपका साथी