मुर्दे डालेंगे वोट, जिदा लगा रहे मतदाता बनाने की गुहार

जागरण संवाददाता फर्रुखाबाद पंचायत चुनाव के मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान के दौरान हुई खाना

By JagranEdited By: Publish:Wed, 03 Mar 2021 10:49 PM (IST) Updated:Wed, 03 Mar 2021 10:49 PM (IST)
मुर्दे डालेंगे वोट, जिदा लगा रहे मतदाता बनाने की गुहार
मुर्दे डालेंगे वोट, जिदा लगा रहे मतदाता बनाने की गुहार

जागरण संवाददाता, फर्रुखाबाद : पंचायत चुनाव के मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान के दौरान हुई खानापूरी का पता इस बात से ही चलता है कि सूची में मृतकों के अलावा अपात्रों के नाम शामिल हैं, जबकि वोट बनवाने के लिए लोग पत्रावलियां लेकर चक्कर काट रहे हैं। उन्हें पंचायत चुनाव मतदाता सूची की साइट बंद होने की जानकारी दी जा रही है।

राज्य चुनाव आयोग के निर्देश पर पंचायत चुनाव की तैयारी लॉकडाउन में ढील मिलने के बाद ही शुरू हो गई थी। चरणबद्ध अभियान में बीएलओ की ओर से खानापूरी की गई। इस बात का पता इसी से चलता है कि चुनाव नजदीक आने के बावजूद बड़ी तादाद में लोग अपात्रों के नाम शामिल होने की शिकायतें कर रहे हैं। नए वोट बनवाने के लिए भी लोग चक्कर काट रहे हैं। तहसील सदर के गांव भगुआ नगला निवासी विनोद कुमार ने शिकायत की कि उनकी ग्राम पंचायत में करीब 200 अपात्रों के नाम शामिल हैं। तहसीलदार ने इसकी जांच सुपरवाइजर शशांक दीक्षित को सौंपी है। गांव खुदागंज की मतदाता सूची में मृतकों के अलावा दर्जनों अपात्रों के नाम दर्ज होने की शिकायत आनंद शेखर सिंह ने की है। सुपरवाइजर विजय पाल सिंह को मामले की जांच सौंपी गई है। मतदाता सूची में गड़बड़ी की शिकायत लेकर बड़ी संख्या में लोग तहसील आ रहे हैं। तहसील सदर क्षेत्र के कमालगंज ब्लॉक में परिवर्धन के 546, विलोपन के 290 व संशोधन के 12 मामले लंबित हैं। बढ़पुर ब्लॉक में परिवर्धन के लिए 98 मामले लंबित हैं, जबकि मोहम्मदाबाद ब्लॉक में 322 परिवर्धन, 159 विलोपन व आठ मामले संशोधन के लंबित हैं। इसके अलावा बड़ी तादाद में लोग आवेदन लेकर चक्कर काट रहे हैं, लेकिन उन्हें चुनाव आयोग की साइट बंद होने की बात कहकर टरकाया जा रहा है।

तहसीलदार राजू कुमार ने बताया कि शिकायतों की जांच कराई जा रही है। सूची में नाम शामिल कराने वाले आवेदनों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

chat bot
आपका साथी