शपथ ग्रहण में सभासदों का हंगामा, ईओ से नोंकझोक

जागरण संवाददाता फर्रुखाबाद नगरपालिका में शासन से नामित भाजपा समर्थक सभासदों को मंगलवार दोप

By JagranEdited By: Publish:Tue, 02 Jun 2020 05:21 PM (IST) Updated:Tue, 02 Jun 2020 05:26 PM (IST)
शपथ ग्रहण में सभासदों का हंगामा, ईओ से नोंकझोक
शपथ ग्रहण में सभासदों का हंगामा, ईओ से नोंकझोक

जागरण संवाददाता, फर्रुखाबाद : नगरपालिका में शासन से नामित भाजपा समर्थक सभासदों को मंगलवार दोपहर सिटी मजिस्ट्रेट ने शपथ दिलाई। नेताओं का संबोधन होने के बाद निर्वाचित सभासदों ने आरोप लगाया कि वार्ड में खराब हैंडपंप नहीं संभल रहे। अधिशासी अधिकारी उनकी बात नहीं सुनतीं। इस पर ईओ व सभासदों में विवाद होने लगा। सांसद ने समझाने का प्रयास किया, लेकिन सभासद शांत नहीं हुए। इस पर सांसद सभागार छोड़कर चले गए। बाद में सदर विधायक ने ईओ व अध्यक्ष से अलग-अलग बात कर समस्या हल कराने का आश्वासन देकर उत्तेजित सभासदों को शांत किया।

नामित सभासद व भाजपा के जिला महामंत्री हिमांशु गुप्ता, भप्पू सोनी, रामआसरे चक, रामकुमार राठौर व राजरानी सैनी को सिटी मजिस्ट्रेट अशोक कुमार ने शपथ दिलाई। सांसद मुकेश राजपूत ने कोरोना वायरस के संक्रमण से बचने को केंद्र व प्रदेश सरकार की ओर से किए गए उपायों की जानकारी दी। विधायक मेजर सुनील दत्त द्विवेदी ने विकास कार्यों के प्रति पालिका बोर्ड को सजग रहने की नसीहत दी। भाजपा जिलाध्यक्ष रूपेश गुप्ता, पूर्व जिलाध्यक्ष भूदेव राजपूत, पालिकाध्यक्ष वत्सला अग्रवाल आदि ने विचार व्यक्त किए। संचालन नसीम अहमद जाबरी ने किया। इसी दौरान सभासद रफी अंसारी, अतुल शंकर दुबे, रावेश मिश्रा, प्रबल त्रिपाठी आदि ने आरोप लगाया कि अधिशासी अधिकारी मनमानी कर रही हैं। खराब हैंडपंप की मरम्मत नहीं हुई। ईओ रश्मि भारती ने भी बोलने का प्रयास किया तो हंगामा होने लगा। सांसद ने हस्तक्षेप किया, लेकिन सभासद शांत नहीं हुए तो सांसद वहां से चले गए। सदर विधायक ने कहा कि वह ईओ व अध्यक्ष के साथ अलग-अलग बैठक कर समस्या सुलझाएंगे। सभासदों ने ईओ के खिलाफ आंदोलन की चेतावनी दी। अध्यक्ष से मुखातिब नहीं हुई ईओ

पालिकाध्यक्ष वत्सला अग्रवाल निर्धारित समय से पहले कार्यालय में पहुंच गईं। इस दौरान ईओ रश्मि भारती अपने कार्यालय में मौजूद रहीं। वह सभागार में आईं तब भी अध्यक्ष की ओर मुखातिब नहीं हुईं। सामान्य शिष्टाचार भी नहीं हुआ। इसी बात को गुस्साए सभासदों ने मुद्दा बनाया। हालांकि ईओ सांसद व विधायक को रिसीव करने बाहर तक गईं। पूरी शपथ नहीं पढ़ पायीं राजरानी

नामित सभासद राजरानी सैनी शपथपत्र नहीं पढ़ पाईं। सिटी मजिस्ट्रेट ने उनसे कई बार पुन: शपथपत्र पढ़वाया, फिर भी वह अटकती रहीं। भाजपा के जिला मीडिया प्रभारी शिवांग रस्तोगी, जिला कोषाध्यक्ष संजीव गुप्ता, अंकुर मिश्रा, अभय प्रताप सिंह आदि मौजूद रहे।

chat bot
आपका साथी