कुठला झील को विदेशी मेहमानों का इंतजार

संवाद सहयोगी अमृतपुर अमृतपुर तहसील मुख्यालय से करीब एक किलोमीटर दूर बदायूं मार्ग पर स्थि

By JagranEdited By: Publish:Tue, 30 Nov 2021 07:36 PM (IST) Updated:Tue, 30 Nov 2021 07:36 PM (IST)
कुठला झील को विदेशी मेहमानों का इंतजार
कुठला झील को विदेशी मेहमानों का इंतजार

संवाद सहयोगी, अमृतपुर : अमृतपुर तहसील मुख्यालय से करीब एक किलोमीटर दूर बदायूं मार्ग पर स्थित कुठला झील में सर्दी शुरू होते ही विदेशी पक्षी डेरा जमा लेते हैं, लेकिन सर्दी शुरू होने के बाद भी कुठला झील विदेशी मेहमानों के इंतजार में है। जबकि झील पानी से लबालब भरी हुई है।

फर्रुखाबाद बदायूं मार्ग के किनारे तहसील मुख्यालय से बमुश्किल एक किलोमीटर दूर स्थित कुठला झील का नजारा सर्दियों में देखते ही बनता है। बरसात में गंगा व रामगंगा के पानी से झील लबालब भर जाती है। 4.650 हेक्टेअर क्षेत्र में फैली कुठला झील में विदेशी पक्षी कलरव करते नजर आते हैं और गर्मी शुरू होते ही विदेशी मेहमान पलायन कर जाते हैं। पानी सूख जाने से एक लंबा चौड़ा गड्ढा ही रह जाता है। कुठला झील में तत्कालीन डीएम नरेंद्र कुमार सिंह चौहान ने सुंदरीकरण का काम शुरू कराया। तत्कालीन प्रधान सुरेश कुमार ने ढाई लाख रुपये की लागत से मनरेगा से झील की सफाई कराई। उसके बाद करीब 40 लाख रुपये के बजट से नगला हुशा ग्राम पंचायत ने झील की खोदाई कराकर पक्षियों के बैठने के लिए मिट्टी के टीले बनवाए। झील में सफाई न होने से जलकुंभी फैल गई है। सर्दी शुरू होते ही विदेशी पक्षी व्हाइट साइवेरियन, स्पूनविल, स्टेटवर्ड, क्रेन, कुलन बैगटेल व नैटोगिल आदि झील में डेरा जमा लेते हैं। विदेशी मेहमानों के कलरव व चहचाहट से गूंजने वाली झील इस बार शांत है। झील को अव्यवस्थाओं के बीच विदेशी मेहमानों का इंतजार है। एसडीएम प्रीती तिवारी ने बताया कि झील में गंदगी की जानकारी नहीं है। जानकारी कर झील की सफाई कराने का प्रयास किया जाएगा।

chat bot
आपका साथी