नीबलपुर में गांजा का जखीरा बरामद, गृहस्वामी हिरासत में

जागरण संवाददाता फर्रुखाबाद पुलिस ने रविवार रात एक मकान में छापा मारकर गांजा का बड़ा

By JagranEdited By: Publish:Mon, 14 Jun 2021 06:23 PM (IST) Updated:Mon, 14 Jun 2021 06:23 PM (IST)
नीबलपुर में गांजा का जखीरा बरामद, गृहस्वामी हिरासत में
नीबलपुर में गांजा का जखीरा बरामद, गृहस्वामी हिरासत में

जागरण संवाददाता, फर्रुखाबाद : पुलिस ने रविवार रात एक मकान में छापा मारकर गांजा का बड़ा स्टाक बरामद किया। पुलिस 11 बोरों को वाहन में रख कर ले गई। गृहस्वामी को हिरासत में लिया गया है। सोमवार को उनसे पूछताछ चलती रही। पुलिस गिरफ्तारी की पुष्टि अभी नहीं कर रही है। पिछले एक सप्ताह में हुई गांजा की बरामदगी से यह साबित हो गया है कि फर्रुखाबाद गांजा बिक्री की बड़ी मंडी बन गया है।

थाना मऊदरवाजा के गांव नीबलपुर निवासी एक ग्रामीण के घर में आधुनिक असलहों से लैस पुलिस जवानों ने रात में दबिश दी। तलाशी में पुलिस को घर में बोरों में भरकर रखा गया गांजा मिल गया। पुलिस टीम ने गृहस्वामी को हिरासत में ले लिया और 11 बोरा गांजा साथ ले गई। पुलिस छापेमारी से गांव में हलचल मच गई। ग्रामीणों का कहना है कि पुलिस की गिरफ्त में आया गृहस्वामी मजदूरी करता है। उसके घर में गांजा बरामद होने से लोग आश्चर्य में हैं। कुछ लोगों का दावा है कि बोरों में खेत से काटकर रखा गया गांजा रखा था। उसमें अधिक नशा नहीं होता। कुछ नशेड़ी उसे सुखाकर कूट लेते हैं और चिलम में भरकर पीते हैं। वहीं स्वजन पकड़े गए गृहस्वामी को छुड़ाने के लिए जोड़तोड़ में जुटे रहे। पकड़ने वाले पुलिस कर्मी इन दिनों राजेपुर थाने में तैनात हैं। पहले मऊदरवाजा थाने में तैनात रह चुके हैं। जबकि कुछ ग्रामीणों ने कहा कि एसओजी गृहस्वामी को उठाकर ले गई है। पुलिस के छापेमारी अभियान से यह तय हो गया है कि जिले में गांजा की बिक्री और सप्लाई होती है। मऊदरवाजा थाना प्रभारी अजय नारायण सिंह ने बताया कि उनकी जानकारी में प्रकरण नहीं है। थाने की पुलिस नीबलपुर नहीं गई। वहीं एसओजी भी बरामदगी और गिरफ्तारी की पुष्टि नहीं कर रही है। एक पुलिस अधिकारी ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि नीबलपुर में मादक पदार्थ बरामदगी का मामला राजेपुर थाने से जुड़ा है। राजेपुर थाना प्रभारी देवेश कुमार ने बताया कि चाचूपुर से तीन बोरी मादक पदार्थ पकड़ा गया था। आबकारी विभाग को जानकारी दी तो उन्होंने बताया कि यह भांग है। उन्होंने आबकारी विभाग को मामला सौंप दिया। नीबलपुर गांव से मामले का कोई संबंध नहीं है।

chat bot
आपका साथी