दो पक्षों में हुए विवाद में फायरिग, युवक को लगी गोली

संवाद सूत्र मोहम्मदाबाद नींव भरने को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। इस दौरान फायरिग कर

By JagranEdited By: Publish:Thu, 24 Jun 2021 11:10 PM (IST) Updated:Thu, 24 Jun 2021 11:10 PM (IST)
दो पक्षों में हुए विवाद में फायरिग, युवक को लगी गोली
दो पक्षों में हुए विवाद में फायरिग, युवक को लगी गोली

संवाद सूत्र, मोहम्मदाबाद : नींव भरने को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। इस दौरान फायरिग कर दी गई। मौके पर खड़े युवक की जांघ में गोली लग गई। युवक के पिता ने आरोपितों के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

गांव बनपोई में गुरुवार शाम नींव भरने को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। मामला बढ़ने पर ताबड़तोड़ फायरिग कर दी गई। इस दौरान गांव के आनंद किशोर के दाहिनी जांघ में गोली लग गई। इस गांव में हलचल मच गई। स्वजन आनंद किशोर को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए।

घायल युवक के पिता बादशाह ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उनका पुत्र आनंद गांव के तिलकराम के यहां बैठा था। तभी दो भाइयों समेत चार लोग आए और जान से मारने की नियत से पुत्र को गोली मार दी। ताबड़तोड़ फायरिग करने पर पुत्र ने दीवार का सहारा लेकर अपनी जान बचाई। जब मदद करने के लिए तिलकराम आए तो उनकी भी पिटाई कर दी।

कोतवाली प्रभारी दिलीप कुमार बिदु ने बताया ग्राम समाज की ओर से नाली बनवाई जा रही है। किसी बात को लेकर पक्षों में मारपीट हो गई। जांच के दौरान ग्रामीणों ने गोली चलने की पुष्टि नहीं की है। मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।

पंचायत चुनाव की रंजिश में दो पक्षों में लाठी-डंडे चले, छह घायल : पंचायत चुनाव में वोट न देने की रंजिश में बुधवार रात दो पक्षों में मारपीट हो गई। लाठी-डंडे चले और बेल्चा से हमला किया गया। जिसमें दंपती व उनके स्वजन सहित छह लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने दोनों पक्षों के मुकदमे दर्ज कर लिए। जांच की जा रही है।

शहर कोतवाली के गांव अर्जुन नगला निवासी रजनेश देर शाम गांव में परचून की दुकान से सामान खरीदकर घर जा रहे थे। रास्ते में गांव के ही निवासी धीरज से उनका विवाद हो गया। दोनों पक्षों के स्वजन भी मौके पर आ गए। जमकर लाठी-डंडे चले, बेल्चा से भी हमला किया गया। मारपीट में रजनेश, उनकी पत्नी सोनी, भाई विजनेश, बबलू व मां कैलाशो देवी घायल हो गईं। रजनेश ने आरोप लगाया कि धीरज ने प्रधान पद का चुनाव लड़ा था। उन्होंने वोट नहीं दिया, इसी वजह से हमला किया गया। रजनेश के चाचा राहुल ने धीरज, उनके भाई घनश्याम, नीरज, बलराम एवं भतीजे अमित व सुमित के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। आइटीआइ चौकी प्रभारी राजीव कुमार ने बताया कि धीरज के पक्ष से भी एक व्यक्ति घायल हुआ है। दोनों ओर से मामला दर्ज कर लिया गया है। जांच की जा रही है। विवाद हंसी-मजाक को लेकर हुआ था। चुनावी रंजिश की बात गलत है।

chat bot
आपका साथी