पेड़ पर लटका मिला युवक का शव
जागरण संवाददाता फर्रुखाबाद संदिग्ध हालात में युवक का शव सोमवार को नीम के पेड़ पर लटका
जागरण संवाददाता, फर्रुखाबाद : संदिग्ध हालात में युवक का शव सोमवार को नीम के पेड़ पर लटका मिला। स्वजन ने हत्या कर शव लटकाए जाने का आरोप लगाया। जब कि पुलिस का कहना है कि कर्जा होने से युवक ने फंदा लगाया है।
फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र के गांव दुर्जनपुरवा निवासी 40 वर्षीय सुनील मिश्रा गुड़गांव में नौकरी करते थे। वह 11 जून को घर आए थे। सोमवार को घर से 40 मीटर की दूरी पर लगे नीम के पेड़ पर सुनील का शव फंदे पर लटका मिला। घटना से स्वजन में कोहराम मच गया। सुनील की पत्नी सुनीता विगत आठ दिन पहले जनपद हरदोई के अरवल थाना क्षेत्र के गांव किरतियापुर स्थित मायके गई थी। पति की मौत की सूचना पर वह सोमवार को ससुराल आ गईं। उनके दो बच्चों में 13 वर्षीय पुत्री आस्था और नौ वर्षीय पुत्र यश है। सुनील के माता पिता की पूर्व में मौत हो चुकी है। वह भाई सोनू मिश्रा में सबसे बड़े थे। सोनू ने बताया कि गांव के एक युवक से सुनील का दो दिन पहले रंजिशन के चलते विवाद हुआ था। जब से भाई घर नहीं लौटे। मारपीट कर हत्या करने के बाद उसके भाई का शव फंदे पर लटका दिया गया। भाई की पीठ, पैर और जांघ पर चोटों के निशान हैं। सरह चौकी प्रभारी नरेंद्र कुमार ने बताया कि जांच के दौरान कुछ ग्रामीणों ने बताया कि सुनील पर कर्जा था। इससे वह परेशान रहता था। वह शराब पीकर गाली गलौज करता था। कर्जा होने की वजह से सुनील ने फंदा लगाकर खुदकुशी की है।हालांकि गाली गलौज करने पर उसका दो दिन पहले गांव के एक युवक से विवाद हुआ था। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है। डा. सौरभ कटियार ने सुनील का पोस्टमार्टम किया। सूत्रों के मुताबिक सुनील की मौत फांसी से हुई है। चोट के निशान नहीं मिले।