थल सेना अध्यक्ष ने प्रशिक्षण की आधुनिक तकनीक पर दिया जोर

जागरण संवाददाता फर्रुखाबाद थल सेना अध्यक्ष मनोज मुकुंद नरवणे ने गुरुवार को सिख लाइट इंफैंट

By JagranEdited By: Publish:Thu, 11 Nov 2021 05:40 PM (IST) Updated:Thu, 11 Nov 2021 05:40 PM (IST)
थल सेना अध्यक्ष ने प्रशिक्षण की आधुनिक तकनीक पर दिया जोर
थल सेना अध्यक्ष ने प्रशिक्षण की आधुनिक तकनीक पर दिया जोर

जागरण संवाददाता, फर्रुखाबाद : थल सेना अध्यक्ष मनोज मुकुंद नरवणे ने गुरुवार को सिख लाइट इंफैंट्री रेजिमेंटल सेंटर में आयोजित बाई-एनियल कांफ्रेंस में वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों के साथ विचार विमर्श किया। सूत्रों के अनुसार इस दौरान दौरान उन्होंने ट्रेनिग सेंटर में प्रशिक्षण की आधुनिक तकनीक की उपलब्धता और उसके उपयोग पर जोर दिया। हालांकि अन्य सामरिक महत्व के बिदुओं पर भी चर्चा किए जाने की सूचना है। इससे पूर्व उन्होंने रेजिमेंट के वर्तमान और सेवानिवृत्त वरिष्ठ अधिकारियों के साथ सिख लाइट इन्फेंट्री रेजिमेंटल सेंटर के चटर्जी परेड ग्राउंड पर आयोजित बाइक और पैराग्लाइडर शो का भी आनंद लिया।

सिखलाइट इंफैंट्री रेजिमेंटल सेंटर में गुरुवार को सैन्य अधिकारियों की द्विवार्षिक कांफ्रेंस का आयोजन किया गया। इसमें परम विशिष्ट सेवा मेडल, अति विशिष्ट सेवा मेडल, सेना मेडल, विशिष्ट सेवा मेडल से अलंकृत और भारत के 27वें थल सेनाध्यक्ष जनरल मनोज मुकुंद नरवणे ने मुख्य अतिथि के तौर पर भाग लिया। सूत्रों के अनुसार इसमें युद्ध की नवीन तकनीकों के मद्देनजर सैनिकों को प्राथमिक प्रशिक्षण के दौरान ही इनके बारे जानकारी देकर दक्ष करने पर जोर दिया गया। थल सेनाध्यक्ष के स्वयं मौजूद रहने के चलते सिखलाइट इंफैंट्री रेजिमेंटल सेंटर को शीघ्र नवीन प्रशिक्षण प्रणालियां व उपकरण मिलने की उम्मीद है। जानकारी के अनुसार बैठक में सामरिक महत्व के अन्य मुद्दों पर चर्चा की गई।

सेंटर में आयोजित पुनर्मिलन समारोह में जाबांजों का जमघट लगा। दूरदराज से आए वर्तमान और पूर्व सैन्य अधिकारियों ने सेंटर में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों का परिवार सहित आनंद लिया। सैन्य अधिकारियों ने सेवानिवृत्त अधिकारियों की वरिष्ठता और अनुभव को सलाम किया तो उन्होंने भी आशीर्वाद से मालामाल कर दिया। सम्मान की कश्तियों पर सवार वरिष्ठजन पुरानी यादों के विशाल समंदर में विचरण करते दिखे। सफेद हो चुकी मूंछों के पीछे से झांकती उनकी गर्वीली मुस्कान का जलवा देखते ही बना। दूर दराज से आए मेहमानों के मनोरंजन के लिए सेंटर में विभिन्न कार्यक्रम और खेल आयोजित किए गए। सेंटर के चटर्जी परेड ग्राउंड पर सेना के जवानों ने बाइक और पैराग्लाइडर शो प्रस्तुत किया। आग के छल्ले से बाइक निकालने सहित सैनिकों के अन्य हैरतअंगेज करतब देख लोग दांतों तले उंगली दबा बैठे। पैराग्लाइडर्स ने भी हवा में करतब दिखाकर लोगों को तालियां बजाने को मजबूर कर दिया।

chat bot
आपका साथी