मेगा टीकाकरण में रचा इतिहास, 29 हजार से ज्यादा को लगे टीके

छह लाख से ज्यादा हुई कुल वैक्सीनेटेड लोगों की संख्या

By JagranEdited By: Publish:Wed, 04 Aug 2021 12:18 AM (IST) Updated:Wed, 04 Aug 2021 01:06 AM (IST)
मेगा टीकाकरण में रचा इतिहास, 29 हजार से ज्यादा को लगे टीके
मेगा टीकाकरण में रचा इतिहास, 29 हजार से ज्यादा को लगे टीके

अयोध्या: मंगलवार का दिन जिले के लिए इतिहास रचने वाला रहा। मंगलवार को जिले भर में 212 स्थानों पर कोरोना का टीकाकरण हुआ, जिसमें 29056 लोगों को कोरोना टीका लगाया गया। माना जा रहा है कि इस संख्या में अभी और इजाफा होगा। देर शाम तक कोविन पोर्टल पर डाटा अपलोड करने का कार्य जारी रहा। इसी वजह से संभावना जताई जा रही है कि अभी इस संख्या में और बढ़ोतरी होगी। वहीं यह जिले के लिए सबसे बड़ा टीकाकरण अभियान था, जिसमें एक दिन में 29056 लोगों को टीका लगाया गया। कोरोना टीकाकरण आरंभ होने के पहले दिन 16 जनवरी को 399 लोगों को वैक्सीन लगाई गई थी। इसके बाद से इस संख्या में लगातार इजाफा हुआ और मंगलवार कोरोना टीकाकरण के लिहाज से ऐतिहासिक रहा। वहीं अब तक वैक्सीनेटेड कुल लोगों की संख्या छह लाख एक हजार 60 हो गई है।

मेगा टीकाकरण अभियान में 35 हजार लोगों को टीका लगाने का लक्ष्य रखा गया था। सोमवार को अभियान को लेकर कलेक्ट्रेट में बैठक भी हुई थी, जिसमें जिलाधिकारी अनुज कुमार झा ने अन्य विभागों के अधिकारियों को भी अभियान में सहयोग करने का निर्देश दिया था। स्वास्थ्य विभाग के साथ ग्राम्य विकास विभाग, महिला एवं बाल विकास, खाद्य एवं रसद, पंचायतीराज व पुलिस विभाग को अभियान को सफल बनाने का उत्तरदायित्व सौंपा गया था। अभियान के पर्यवेक्षण का दायित्व सभी उप जिलाधिकारी, चिकित्सा अधीक्षक एवं खंड विकास अधिकारियों को सौंपा गया था। मंगलवार को मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. अजय राजा ने सोहावल, रुदौली व मवई में टीकाकरण का जायजा लिया। मुख्य विकास अधिकारी अनिता यादव व अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आरके सक्सेना ने पूराबाजार व शहरी क्षेत्र में टीकाकरण का जायजा लिया।

chat bot
आपका साथी