रामनगरी में सितारों से सज्जित रामलीला का मंचन आज से

भव्यता की पर्याय रामलीला की तैयारियों को दिया जा रहा अंतिम स्पर्श. लक्ष्मण किला परिसर में छह से 15 अक्टूबर तक होगा रामलीला का मंचन.

By JagranEdited By: Publish:Tue, 05 Oct 2021 11:15 PM (IST) Updated:Tue, 05 Oct 2021 11:15 PM (IST)
रामनगरी में सितारों से सज्जित रामलीला का मंचन आज से
रामनगरी में सितारों से सज्जित रामलीला का मंचन आज से

अयोध्या : पुण्य सलिला सरयू के तट पर स्थित शीर्ष पीठ लक्ष्मण किला परिसर में छह से 15 अक्टूबर तक सांस्कृतिक वैशिष्ट्य का नया सोपान गढ़ा जाएगा। किला परिसर में होने जा रही रामलीला न केवल फिल्मी सितारों के अभिनय से सज्जित होगी, बल्कि मंचन की अन्यान्य तैयारियां भी भव्यता की मिसाल बनेंगी, जिस परिसर में रामलीला के मंचन की तैयारी चल रही है, वह करीब एक लाख वर्ग फीट क्षेत्र में विस्तृत है, जबकि मंच छह हजार वर्ग फीट क्षेत्र में निर्माणाधीन है। श्रीराम सहित अन्य भूमिका निभाने वाले कलाकारों के लिए शाही परिधान श्रीराम की ससुराल जनकपुर- नेपाल से मंगाया जा रहा है और मां सीता की भूमिका निभाने वाली अभिनेत्री के लिए जनकपुर में विशेष पोशाक और आभूषण बनवाये गए हैं। रावण की पोशाक लंका से बनकर आई है।

नजर आएंगे कई बड़े फिल्म स्टार - रामलीला में कई बड़े फिल्म स्टार नजर आएंगे। सांसद और फिल्म स्टार मनोज तिवारी अंगद, एक अन्य सांसद और फिल्म स्टार रविकिशन परशुराम, बिदुदारा सिंह हनुमान, शक्ति कपूर अहिरावण, दिग्गज हास्य अभिनेता असरानी नारद, मालिनी अवस्थी शबरी, रजा मुराद कुंभकरण, शाहबाज खान रावण के किरदार में नजर आएंगी। 14 भाषाओं में होगी रिकार्डिंग - रामलीला का सीधा प्रसारण तो दूरदर्शन पर मातृभाषा हिदी में ही होगा, पर एक सप्ताह के अंदर ही इसे इंग्लिश, भोजपुरी, तमिल, तेलुगू, कन्नड़, मराठी, पंजाबी, उर्दू, राजस्थानी, हरियाणवी, बंगला, मैथिली, ओड़िया आदि 14 भाषाओं में रिकॉर्ड करके यूट्यूब पर प्रसारित किया जाएगा।

राहुल बुच्चर राम एवं भाग्यश्री सीता का रोल करेंगी रामलीला में श्रीराम की भूमिका राहुल बुच्चर एवं सीता की भूमिका में भाग्यश्री होंगी।

प्रभारी मंत्री ने किया मुहूर्त पूजन

- अयोध्या प्रभारी मंत्री एवं प्रदेश के पर्यटन तथा संस्कृति मंत्री नीलकंठ तिवारी ने मंगलवार को सायं रामलीला का मुहूर्त पूजन किया। इसके बाद उन्होंने अपने उद्बोधन में कहा कि श्रीराम सबके दिल में बसते हैं और आज अयोध्या शोध संस्थान और प्रदेश के संस्कृति मंत्रालय की ओर से आयोजित यह रामलीला विश्व की सबसे बड़ी रामलीला साबित हो रही है। इस मौके पर आयोजन समिति के अध्यक्ष बॉबी मलिक सहित अभिनेता रजा मुराद, बिदु दारा सिंह, राज माथुर, जिला भाजपाध्यक्ष संजीव सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष रोली सिंह के पति आलोक सिंह रोहित आदि प्रमुख रूप से मौजूद रहे।

chat bot
आपका साथी