सपा महिला सम्मेलन में छेड़ा महिलाओं के आरक्षण का नया राग

लीलावती के चुनावी पिटारे से निकली पेंशन की तान पर मुग्ध हुईं महिलाएं

By JagranEdited By: Publish:Wed, 08 Sep 2021 12:10 AM (IST) Updated:Wed, 08 Sep 2021 12:23 AM (IST)
सपा महिला सम्मेलन में छेड़ा महिलाओं के आरक्षण का नया राग
सपा महिला सम्मेलन में छेड़ा महिलाओं के आरक्षण का नया राग

अयोध्या: समाजवादी पार्टी महिला सभा प्रदेश अध्यक्ष लीलावती कुशवाहा ने पार्टी की सरकार बनने पर महिलाओं को दो हजार रुपये प्रतिमाह पेंशन व पहले के मुकाबले दोगुना लोहिया आवास दिलाने का वादा किया तो वहीं सपा जिलाध्यक्ष गंगा सिंह यादव उनसे भी दो कदम आगे बढ़ते हुए कहा कि जिस तरह से प्रदेश में त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों में महिलाओं के लिए आरक्षण लागू है, उसी तरह का फार्मूला अपना कर विधानसभा और लोकसभा में भी महिलाओं को आरक्षण दिलाया जाएगा।

गुलाबबाड़ी स्थित पार्टी कार्यालय में आयोजित महिला सभा के सम्मेलन को महिला सभा की प्रदेश अध्यक्ष संबोधित कर रही थीं। सम्मेलन की अध्यक्षता महानगर अध्यक्ष सरोज यादव ने व संचालन अपर्णा जायसवाल ने किया। संयोजक अलका कुशवाहा रहीं। लीलावती ने आरोप लगाया कि बढ़ती महंगाई के सवाल पर सत्ता में आई भाजपा के राज में महंगाई बेलगाम हो गई। महिलाओं की रसोई का बजट बिगड़ गया है। पूर्व मंत्री पवन पांडेय ने कहा कि आधी आबादी का सम्मान समाजवादी पार्टी में ही है। जब भी पार्टी की सरकार बनी महिलाओं के हित में कार्य किया गया। पूर्व विधायक अभय सिंह ने कहा कि सपा सरकार में बेटियों की सुरक्षा की गई। महिला सभा की प्रदेश उपाध्यक्ष जरीना उस्मानी ने कहा, सरकार में आने पर पार्टी ने सभी की बेहतरी के लिए कदम उठाए। पूर्व सांसद मित्रसेन यादव को छठीं पुण्यतिथि पर श्रद्धाजंलि दी गई। सम्मेलन में 2022 के विधानसभा चुनाव में अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाने का संकल्प लिया गया। महिला सभा की जिलाध्यक्ष सुनीता श्रीवास्तव की अनुपस्थिति को अनुशासनहीनता मानते हुए आस्था सिंह कुशवाहा के जिलाध्यक्ष पद पर मनोनयन के प्रस्ताव को स्वीकार करने का अनुरोध प्रदेश अध्यक्ष से किया गया। छेदी सिंह, अमृत राजपाल, छोटेलाल यादव, मो. हलीम पप्पू, इंद्रपाल यादव,हामिद जाफर मीसम, बाबूराम गोंड, हनुमत यादव, सीमा मौर्य, मो.सुहेल व पारसनाथ यादव ने भी संबोधित किया।

chat bot
आपका साथी