भारी बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त, मानसून ने भी पकड़ी रफ्तार
अमानीगंज ब्लॉक के बांसगांव इलाके में 183 मिलीमीटर बारिश 24 घंटे में 60 मिलीमीटर से ज्यादा बारिश
अयोध्या: भारी बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। बीती रात से ही बारिश लगातार जारी है। रविवार को दिन में कुछ देर के लिए बरसात अवश्य थमी, लेकिन दोपहर साढ़े तीन बजते-बजते फिर से झमाझम बरसात आरंभ हो गई। बीते 24 घंटे में औसतन 80 मिलीमीटर से ज्यादा बरसात दर्ज की गई है। वहीं जिले में सर्वाधिक अमानीगंज ब्लॉक में दर्ज की गई है। अमानीगंज ब्लॉक के बांसगांव इलाके में तो शाम पांच बजे तक 183 मिलीमीटर तक बारिश हुई। वहीं मानसून ने भी रफ्तार पकड़ ली है। पहले जहां उम्मीद जताई जा रही थी कि मानसून की पहली बारिश 22 अथवा 23 जून को होगी, लेकिन अब विज्ञानियों ने यह संभावना व्यक्त की है कि 16 या 17 जून को ही मानसून की पहली बरसात होगी। रविवार की बारिश भी मानसून जैसी ही रही। हालांकि, विशेषज्ञ इसे प्री मानसून बारिश ही मान रहे हैं। भारी बारिश की वजह तेजी से आगे बढ़ते मानसून से मिल रही नमी है। मौसम विज्ञानियों ने पहले ही यह संभावना जताई थी कि शुक्रवार से रविवार के बीच अच्छी बरसात होगी, लेकिन अब यह सिलसिला आगे बढ़ेगा। माना जा रहा है कि आगामी सप्ताह तक रोजाना बरसात हो सकती है। भारी बारिश से लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिल गई है। इससे पहले शनिवार को लोगों को भीषण उमस का सामना करना पड़ा था। तापमान कम होने के बावजूद वातावरण में व्याप्त नमी ने उमस में खासा इजाफा कर दिया था। वहीं रविवार को बरसात ने लोगों को उमस व गर्मी से राहत दे दी। नरेंद्रदेव कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय के मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार मानसून अब तेजी से आगे बढ़ रहा है। यह वजह है कि रविवार को भारी बारिश हुई। मौसम विज्ञान विभाग के अध्यक्ष डॉ. सीताराम मिश्र के मुताबिक फिलहाल बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। मौसम विज्ञानी डॉ. अमरनाथ मिश्र के मुताबिक रविवार को अधिकतम तापमान 33.5 डिग्री सेल्सियस रहा। यह सामान्य से 5.5 डिग्री कम है। न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहा। अधिकतम आर्द्रता 97 व न्यूनतम 75 फीसद रही।
------------
जगह-जगह जलभराव से आवागमन बाधित
अयोध्या: भारी बारिश से जिले के अधिकांश हिस्सों में जलभराव ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी। शहर के साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में मुख्य मार्ग भी जलभराव की चपेट में रहे। बारिश ने नगर निगम की तैयारियों की पोल भी खोल दी। शहर का अधिकांश हिस्सा बारिश के पानी में डूबा नजर आया। यहां तक कि वीआइपी मान जाने वाले सिविल लाइंस क्षेत्र में भी जलभराव की वजह से आवागमन बाधित रहा। मकबरा, फतेहगंज, श्रृंगारहाट, जलवानपुरा, रामघाट, लवकुश नगर, दिल्ली दरवाजा, लालबाग, ख्वासपुरा, जनौरा, बहादुरगंज, पहाड़गंज, खोजनपुर, पठान टोलिया, रेतिया, नैपुरा, ककरही बाजार, कोसलपुरी आदि कॉलोनियों में जलभराव ने लोगों का आवागमन बाधित कर दिया। ग्रामीण क्षेत्रों में तमाम इलाके जलभराव की चपेट में रहे। पूराबाजार, मिल्कीपुर, अमानीगंज, रुदौली, सोहावल, बीकापुर, कुमारगंज समेत अन्य ग्रामीण इलाकों में जलभराव रहा।