सरयू तट पर आकार ले रहा गुरु वशिष्ठ गुरुकुल

श्री गुरु वशिष्ठ गुरुकुल विद्यापीठ के नवीन परिसर में दो और कक्ष का भूमिपूजन.इसी साल के अंत तक उद्घाटन की तैयारी.

By JagranEdited By: Publish:Mon, 10 Aug 2020 11:25 PM (IST) Updated:Mon, 10 Aug 2020 11:25 PM (IST)
सरयू तट पर आकार ले रहा गुरु वशिष्ठ गुरुकुल
सरयू तट पर आकार ले रहा गुरु वशिष्ठ गुरुकुल

अयोध्या : रामनगरी से लगे ग्राम्यांचल और पुण्यसलिला सरयू से स्पर्शित पांच बीघा के प्रांगण में गुरु वशिष्ठ गुरुकुल आकार ले रहा है। विद्यापीठ के नवीन परिसर में दो दानदाताओं द्वारा समर्पित कक्ष का भूमि पूजन वशिष्ठ सेवा न्यास के अध्यक्ष आचार्य मनोज दीक्षित की अध्यक्षता में किया गया। भूमि पूजन में आचार्य दीक्षित के साथ भारतीय शिक्षण मंडल के राष्ट्रीय संगठन मंत्री एवं राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ प्रचारक मुकुल कानिटकर, भारतीय शिक्षण मंडल के राष्ट्रीय महामंत्री उमाशंकर पचौरी, राष्ट्रीय सह कोष प्रमुख देवेंद्र पवार शामिल रहे। विद्यापीठ के कोष प्रमुख प्रोफेसर आरके सिंह ने बताया कि लगभग 20 लाख की लागत से प्रस्तावित दोनों कक्ष के बन जाने से गुरुकुल के ग्राउंड फ्लोर का कार्य पूरा हो जाएगा। परिसर में गुरु वशिष्ठ एवं राम, भरत, लक्ष्मण, शत्रुघ्न का गुरुकुल कालीन शिक्षा को प्रदर्शित करता हुआ भव्य मंदिर का निर्माण भी प्रस्तावित है। मंदिर का निर्माण गुरु वशिष्ठ गुरुकुल के संरक्षक एवं प्रतिष्ठित पीठ रामवल्लभा कुंज के अधिकारी राजकुमारदास के दिशा निर्देश में होना है। उम्मीद जतायी जा रही है कि जल्दी ही निर्माण कार्य पूरा होगा और गुरुकुल का भव्य उद्घाटन समारोह आयोजित किया जाएगा। गुरुकुल के निदेशक डॉ. दिलीप सिंह ने बताया कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा एवं पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन गडकरी की सहमति मिल चुकी है, उनकी मौजूदगी में इसी साल के अंत तक भव्य उद्घाटन समारोह आयोजित होगा। इस मौके पर शिक्षण मंडल के राष्ट्रीय महामंत्री एवं रामकथा मर्मज्ञ उमाशंकर पचौरी ने कहा, दो ही वर्षों में वशिष्ठ गुरुकुल विद्यापीठ जिस ऊंचाई तक पहुंचा है, उसमें ट्रस्ट के अध्यक्ष आचार्य मनोज दीक्षित की मेहनत की स्पष्ट झलक मिलती है। भूमि पूजन कार्यक्रम आचार्य कृपाशंकर, आचार्य सदाशिव तिवारी, आचार्य कुशमेश के मार्गदर्शन में सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर गुरुकुल भूमि के दानदाता गुरुकुल के सह प्रबंधक आदर्श सिंह ऋषभ, भारतीय शिक्षण मंडल के प्रांत मंत्री धर्मेंद्र कुमार पाठक, प्रांत संपर्क प्रमुख राजेश कुमार सिंह, आशुतोष सिंह, प्रधानाचार्य दुखहरणनाथ मिश्र, विस्तारक विनोद पांडेय आदि प्रमुख रूप से मौजूद रहे।

chat bot
आपका साथी