फुट ओवरब्रिज का अयोध्या कैंट से टूटेगा नाता

विद्युतीकरण के मार्ग से रुकावट बन रहा था एफओबी.यात्रियों की सुविधा के लिए नए एफओबी को मिलेगा विस्तार.

By JagranEdited By: Publish:Sun, 05 Dec 2021 10:59 PM (IST) Updated:Sun, 05 Dec 2021 10:59 PM (IST)
फुट ओवरब्रिज का अयोध्या कैंट से टूटेगा नाता
फुट ओवरब्रिज का अयोध्या कैंट से टूटेगा नाता

अयोध्या : रेल विकास की श्रृंखला के बीच रेलवे का एक और पुराना साथी अब बिछड़ रहा है। अयोध्या कैंट रेलवे स्टेशन के पूर्वी छोर पर बना पुराना फुट ओवरब्रिज, जो कभी लोको से जुड़े कर्मियों और स्टेशन के दक्षिण में बसी रेलवे कालोनी के निवासियों के आवागमन का प्रमुख सेतु हुआ करता था, उसे अब हटाया जाएगा। इस एफओबी का अयोध्या कैंट रेलवे स्टेशन से संबंध वर्ष 1957 से है। रेलवे गार्ड, चालक सहित लोको से जुड़े कर्मी इसी एफओबी से आवागमन करते थे। 126 मीटर लंबा एफओबी 64 वर्ष की आयु प्राप्त कर चुका है।

रेलवे विद्युतीकरण से जुड़े अधिकारियों की माने तो एक एफओबी की आयु 60 वर्ष होती है। इस ²ष्टि से यह एफओबी अपनी आयु पूरी कर चुका है। इस एफओबी को हटाने के पीछे एक और प्रमुख कारण रेलवे लाइन विद्युतीकरण भी है। इस एफओबी की ऊंचाई कम होने की वजह से विद्युतीकरण की लाइन क्लीयर होने में बड़ी रुकावट है। केंद्र सरकार ने रेल लाइन विद्युतीकरण का कार्य मार्च 2022 तक हर हाल में पूरा करने का निर्देश दिया है। विद्युतीकरण कार्य तय समय सीमा में संपन्न कराने के लिए योजना के रास्ते में आने वाली रुकावटों को दूर किया जा रहा है। इसलिए अयोध्या कैंट पर बने इस फुट ओवरब्रिज को भी हटाया जा रहा है। रेल संरक्षा को देखते हुए भी इस एफओबी को हटाना आवश्यक माना जा रहा है, क्योंकि यह अपनी आयु पूरी कर चुका है। इस एफओबी को हटाने के बाद स्टेशन पर स्थित दूसरे एफओबी का विस्तार किया जाएगा। ताकि यात्रियों एवं रेल कर्मियों को एक छोर से दूसरे छोर तक जाने में असुविधा न हो।

......

बंद किया गया आवागमन

-पुराने एफओबी से आवागमन बंद कर दिया गया है। आम लोगों को सचेत करने के लिए बोर्ड भी लगा दिया गया है। वाणिज्य निरीक्षक अजय सिंह ने रविवार को भ्रमण कर एफओबी पर चल रहे कार्य का निरीक्षण किया।

.........

एफओबी हटने के बाद विद्युतीकरण में आएगी तेजी

-रेलवे लाइन विद्युतीकरण का कार्य अयोध्या कैंट पर तेजी से चल रहा है। एफओबी हटाने के बाद इस कार्य में और तेजी आएगी। सुल्तानपुर एवं अकबरपुर से अयोध्या कैंट को जोड़ने का कार्य लगभग पूरा है। मार्च तक रेलवे लाइन का विद्युतीकरण कर अयोध्या कैंट को बाराबंकी से भी जोड़ने का लक्ष्य है।

chat bot
आपका साथी