अयोध्या को पहली बार मिली दस टन आक्सीजन..निरंतरता बनाए रखना आवश्यक

दैनिक जागरण ने प्रमुखता से उठाया था रामनगरी में आक्सीजन संकट का मुद्दा.सीएम नई गाइड लाइन से होम आइसोलेशन के मरीजों को आक्सीजन मिलने का रास्ता हुआ साफ

By JagranEdited By: Publish:Fri, 14 May 2021 07:49 AM (IST) Updated:Fri, 14 May 2021 07:49 AM (IST)
अयोध्या को पहली बार मिली दस टन आक्सीजन..निरंतरता बनाए रखना आवश्यक
अयोध्या को पहली बार मिली दस टन आक्सीजन..निरंतरता बनाए रखना आवश्यक

रविप्रकाश श्रीवास्तव, अयोध्या : कोरोना संकट के बीच रामनगरी में सांसों के लिए जंग अभी जारी है। आक्सीजन की कमी से जूझ रही अयोध्या को राहत पहुंचाने की दिशा में गंभीरता आने लगी है। जिले को पहली बार दस टन आक्सीजन उपलब्ध कराई गई है, लेकिन यह निरंतरता बनी रहने की आवश्यकता है, जिस पर प्रशासन को ध्यान देना होगा। आक्सीजन के अभाव से बेहाल रामनगरी का दर्द दैनिक जागरण ने प्रमुखता से उठाया था। गत सोमवार को मदद कीजिए..आक्सीजन की कमी से तड़प रही अयोध्या शीर्षक से प्रकाशित खबर का शासन-प्रशासन ने भी संज्ञान लिया। इसी दिन मुख्यमंत्री का अयोध्या दौरा भी था। समीक्षा के बाद लखनऊ लौटते ही शासन से होम आइसोलेशन में मरीजों को भी आवश्यकता पड़ने पर आक्सीजन उपलब्ध कराने में तेजी लाने का आदेश जारी किया गया। इसके बाद मंगलवार को आठ टन, जबकि बुधवार की रात पहली बार दस टन आक्सीजन दी गई है। इतनी मात्रा में आक्सीजन मिलने की उम्मीद नहीं लगाई गई थी। आक्सीजन आपूर्ति से जुड़े जिम्मेदार मानते हैं कि आपूर्ति की यह निरंतरता बनी रहे, तो जिले में आक्सीजन की कमी नहीं रह जाएगी। पहले तीन-चार दिन में सात से आठ टन आक्सीजन मिलती थी। शासन के संज्ञान लेने के बाद अब एक से दो दिन में आक्सीजन टैंकर पहुंच रहे हैं। काश यही सजगता पहले होती तो आक्सीजन की कमी से लोगों की सांसे न उखड़ती।

.........

रेगुलेटर की समस्या भी सुलझी

-दर्शननगर मेडिकल कॉलेज में आक्सीजन के साथ रेगुलेटर की समस्या भी सुलझी है। मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य प्रो. विजय कुमार का दावा है कि 40 रेगुलेटर मिल गए हैं और रेगुलेटर की मांग की गई है। आक्सीजन सिलेंडर की संख्या अब 270 से बढ़ाकर 350 प्रतिदिन कर दी गई है। मेडिकल कॉलेज अब 120 के बजाय आक्सीजन युक्त 160 बेड की क्षमता का हो गया है। इसके अतिरिक्त अब 120 सिलेंडर महिला व जिला अस्पताल तथा 30 से 40 आक्सीजन के जंबो सिलेंडर निजी कोविड अस्पतालों को उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

........

छह से सात टन प्रतिदिन की मांग

-जिले में छह से सात टन आक्सीजन प्रतिदिन की मांग है, जो पूरी नहीं हो पा रही है। इस ओर भी जिम्मेदारों को ध्यान देने की आवश्यकता है। हालांकि जिला प्रशासन की ओर से इसे लेकर लगातार शासन से संपर्क किया जा रहा है।

............

इन नंबरों पर करें संपर्क

-मुख्य राजस्व अधिकारी-9454419036

सहायक अभिलेख अधिकारी-6397769824

...........

आक्सीजन आपूर्ति बेहतर हो रही है। जिलाधिकारी के प्रयास से बुधवार को दस टन आक्सीजन मिली है। अस्पतालों में आक्सीजन आपूर्ति सुचारू करने के साथ होम आइसोलेशन में कोविड और गैर कोविड गंभीर मरीजों को आवश्यकता पड़ने पर आक्सीजन उपलब्ध कराई जा रही है। आक्सीजन सेंटर बढ़ाने की दिशा में भी उच्चाधिकारियों से वार्ता की जा रही है।

पीडी गुप्त, मुख्य राजस्व अधिकारी अयोध्या

chat bot
आपका साथी