प्रधानमंत्री के बाद जनता देखेगी रामनगरी के विकास का मॉडल

नगर निगम कार्यालय में रखा गया मॉडल बना आकर्षण का केंद्र. दीपावली मेले में भी अयोध्यावासियों के लिए रखा जाएगा प्रारूप.

By JagranEdited By: Publish:Thu, 21 Oct 2021 07:43 AM (IST) Updated:Thu, 21 Oct 2021 07:43 AM (IST)
प्रधानमंत्री के बाद जनता देखेगी रामनगरी के विकास का मॉडल
प्रधानमंत्री के बाद जनता देखेगी रामनगरी के विकास का मॉडल

रविप्रकाश श्रीवास्तव, अयोध्या : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के समक्ष प्रस्तुत होने के बाद अब रामनगरी के विकास का मॉडल जनता भी देख सकेगी। विजन डॉक्यूमेंट पर तैयार कराए गए इस प्रारूप को नगर निगम कार्यालय में जनता के लिए रखा गया है। ताकि आम लोग भी रामनगरी के समग्र विकास की परिकल्पना से परिचित हो सकें। सरकार पारदर्शी रूप से रामनगरी के समग्र विकास की योजनाओं को आगे बढ़ा रही है। विभिन्न योजनाओं की जानकारी सर्वसुलभ कराने के लिए डैशबोर्ड के रूप में ऑनलाइन प्रबंध किया गया है, जिस पर कोई भी विकास योजनाओं की प्रगति देख सकता है। इसी क्रम में अब विकास योजनाओं पर आधारित मॉडल को भी जनता के समक्ष रखा गया है। नगर निगम पहुंचने वालों के लिए यह मॉडल आकर्षण का केंद्र बन गया है। विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष व नगर आयुक्त विशाल सिंह ने इस मॉडल को नगर निगम कार्यालय के तिलक हाल में रखवाया है। नगर निगम कार्यालय पहुंचने वालों के लिए विभिन्न रंगों की रोशनी से जगमगाता यह मॉडल सेल्फी प्वाइंट की तरह बन गया है। इस वर्ष 26 जून को प्रधानमंत्री ने रामनगरी के विकास कार्यों की वर्चुअल समीक्षा की थी। उसके बाद पांच अक्टूबर को लखनऊ में आयोजित अरबन कान्क्लेव में पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के समक्ष रामनगरी के समग्र विकास पर आधारित मॉडल प्रस्तुत किया गया। अपर नगर आयुक्त सच्चिदानंद सिंह ने बताया कि पीएम के समक्ष प्रस्तुत किया गया मॉडल अब नगर निगम रखा गया है। ताकि जनता रामनगरी के विकास की तस्वीर लोग करीब से देख सकें। दीपावली मेले में भी यह मॉडल रखा जाएगा।

............

ग्लोबल प्रतियोगिता का अंतिम दिन आज

-रामनगरी के विकास में जनभागीदारी सुनिश्चित कराने के लिए आयोजित की गई ग्लोबल डिजाइन प्रतियोगिता का गुरुवार को अंतिम दिन है। 20 सितंबर से चल रही प्रतियोगिता में रामनगरी के प्रतीक चिह्न (लोगो), प्रवेश द्वार व दिशासूचक किस प्रकार होने चाहिए इस वैश्विक प्रतियोगिता में अभी तक 800 से अधिक लोगों ने लोगों ने प्रतिभाग किया है। सचिव डॉ. संजीव कुमार ने बताया कि गुरुवार को प्रतियोगिता में डिजाइन ऑनलाइन प्रस्तुत करने का अंतिम दिन है।

chat bot
आपका साथी