महिलाओं को विकास की मुख्य धारा से जोड़ा जाएगा

जागरण संवाददाता इटावा महिलाओं के सम्मान सुरक्षा व जन कल्याणकारी योजनाओं में शामिल कर

By JagranEdited By: Publish:Thu, 21 Oct 2021 06:28 PM (IST) Updated:Thu, 21 Oct 2021 06:58 PM (IST)
महिलाओं को विकास की मुख्य धारा से जोड़ा जाएगा
महिलाओं को विकास की मुख्य धारा से जोड़ा जाएगा

जागरण संवाददाता, इटावा : महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा व जन कल्याणकारी योजनाओं में शामिल कर उन्हें लाभान्वित कराया जाएगा और विकास की मुख्य धारा से जोड़ा जाएगा। उन्हें आत्म निर्भर बनाने के लिए सरकार कृत संकल्पित है। विभिन्न घटनाओं में पीड़ित महिलाओं को रानी लक्ष्मीबाई योजना के अंतर्गत लाभान्वित किया जा रहा है। आज पीड़ित महिलाओं को न्याय मिल रहा है। यह बात राज्य महिला आयोग की सदस्य सुमन चतुर्वेदी ने सिचाई विभाग के निरीक्षण भवन में महिला जनसुनवाई दिवस पर पीड़ित महिलाओं की समस्याओं को सुनने के दौरान कही।

उन्होंने कहा कि किसी भी महिला का उत्पीड़न व शोषण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कुल चार प्रार्थना पत्र आए। रतन नगर की संध्या ने जहां ससुराली जनों द्वारा मारपीट कर घर से निकलने की शिकायत की वहीं पक्का बाग निवासी सौम्या सिंह ने अपने पिता व भाई की मृत्यु के बाद उनकी भाभी के स्वजन द्वारा उत्पीड़न किये जाने की शिकायत की। उन्होंने कहा कि भाभी का एक भाई जो पुलिस में है वह सबसे अधिक परेशान कर रहा है। उन्होंने एसएसपी से शिकायत का निस्तारण कराने को कहा। ऊषा देवी निवासी छिरनपुर इकदिल ने मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना योजना में सहायता राशि दिलाए जाने की मांग की वहीं श्रीदेवी निवासी अड्डा रामनगर फ्रेंड्स कालोनी ने विपक्षियों द्वारा रास्ते पर किये गये अवैध कब्जे को हटाये जाने की मांग की।

इस दौरान डा. सुशील कुमार, सीओ सिटी दरवेश कुमार, महिला थाना अध्यक्ष रजनी सिंह, बाल विकास अधिकारी सुरेश यादव, जिला विद्यालय निरीक्षक राजू राणा, जिला प्रोवेशन अधिकारी सूरज सिंह, लड्डन बाबू, अजीत कुमार दुबे सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।

-------------

कुरीतियों से निपटने को महिलाएं बनें वीरांगना

जासं, इटावा : अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा का 125वां स्थापना दिवस युवा वीरांगना इकाई द्वारा सरस्वती शिशु मंदिर मोतीझील में मनाया गया। कार्यक्रम में विधायक सरिता भदौरिया ने कहा कि वीरांगना शब्द जीवन का सबसे महत्वपूर्ण शब्द है। स्त्रियों को सामाजिक समस्याओं और कुरीतियों से निपटने के लिए रानी लक्ष्मीबाई की तरह वीरांगना बनना होगा। उन्होंने अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा वीरांगना से जुड़ी पदाधिकारियों से समग्र समाज के लिए कार्य करने का अनुरोध किया।

कार्यक्रम में अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा वीरांगना युवा इकाई की प्रदेश अध्यक्ष स्मृति जादौन ने नव नियुक्त पदाधिकारियों को दायित्व पत्र प्रदान करते हुए उनसे अपेक्षा की कि सभी पदाधिकारी संगठन का विस्तार करते हुए समाज मे महिलाओं के हितों और सुरक्षा के लिए अपना समय देकर भयमुक्त समाज बनाने में अपना योगदान देंगी। वीरांगना महासभा की प्रदेश उपाध्यक्ष वंदना भदौरिया, युवा वीरांगना की प्रदेश उपाध्यक्ष नीतू भदौरिया और युवा वीरांगना इकाई कानपुर मंडल अध्यक्ष श्वेता चंदेल ने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम में नगर उपाध्यक्ष सारिका सिंह, नगर संगठन मंत्री संध्या सिंह, मंजू भदौरिया, अनीता सिंह, रुचि जादौन, सुमन तोमर, प्रतीक्षा सिंह, मृदुला सिंह, सुषमा सिंह सहित आधा सैकड़ा वीरांगनाओं ने प्रतिभाग किया।

chat bot
आपका साथी