गढ़ी जालिम में डेंगू के प्रकोप से महिला की मौत

संवाद सहयोगी जसवंतनगर ग्राम गढ़ी जालिम में डेंगू के प्रकोप से एक महिला की मौत हो गई। जिस

By JagranEdited By: Publish:Thu, 23 Sep 2021 06:12 PM (IST) Updated:Thu, 23 Sep 2021 06:32 PM (IST)
गढ़ी जालिम में डेंगू के प्रकोप से महिला की मौत
गढ़ी जालिम में डेंगू के प्रकोप से महिला की मौत

संवाद सहयोगी, जसवंतनगर : ग्राम गढ़ी जालिम में डेंगू के प्रकोप से एक महिला की मौत हो गई। जिससे गांव के लोगों में दहशत व्याप्त है। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गांव में पहुंचकर शिविर लगाया और मरीजों की जांच की। बताया गया है कि गांव में दर्जनों लोग बुखार की चपेट में हैं। इनमें से कई को डेंगू होने की आशंका है। एक दर्जन से ज्यादा लोग आगरा, इटावा व सैफई मेडिकल यूनिवर्सिटी सहित निजी अस्पतालों में भर्ती हैं। 80 वर्षीय वृद्धा फूलन श्री ने बताया कि उनके घर में बेटा धर्मेंद्र, बहू शशि, नाती आयुष व नातिन खुशबू बुखार की चपेट में हैं। 25 वर्षीय सुषमा, 22 वर्षीय अर्णव व दो वर्ष का सरजू भी बीमार है। किशोरी संध्या ने बताया कि पिछले एक हफ्ते से उसके प्लेटलेट्स कम हो गये हैं वह प्राइवेट चिकित्सक से इलाज करा रही है। वृद्धा श्रीदेवी ने बताया कि उसके घर में दो बच्चे डेंगू के लक्षण के बताये गये हैं। शारदा देवी ने बताया कि उनके घर के पांच लोग डेंगू बुखार से पीड़ित हैं एक बच्चा आगरा के अस्पताल में भर्ती है। राम भरोसे ने बताया कि उनके एक बच्चे व बहू का इलाज चल रहा है। सियाराम के अनुसार उसके परिवार में तीन लोगों का इलाज चल रहा है जिनमें एक को डेंगू है। सुभाष चंद्र की पत्नी व तीन बच्चे बीमार हैं। गांव में दो बच्चे हाथों में ड्रिप लगाये हुए भी दिखाई दिये। कक्षा चार में पढ़ने वाली सुनैना ने बताया कि उसे तीन-चार दिन से बुखार है उसका भाई व मां भी बुखार से त्रस्त हैं। रणवीर सिंह ने बताया कि गांव में कोई न कोई व्यक्ति बुखार से पीड़ित है। गांव के आकाशदीप ने बताया कि उनके संयुक्त परिवार में तीन दर्जन लोग बीमार पड़े हुए हैं।

chat bot
आपका साथी