चेतावनी प्वाइंट से ऊपर पहुंचा चंबल नदी का जल स्तर

संवादसूत्र उदी कोटा बैराज से छोड़े गये पानी के चलते चंबल के जल स्तर में मंगलवार को तेजी

By JagranEdited By: Publish:Tue, 03 Aug 2021 05:34 PM (IST) Updated:Tue, 03 Aug 2021 06:48 PM (IST)
चेतावनी प्वाइंट से ऊपर पहुंचा चंबल नदी का जल स्तर
चेतावनी प्वाइंट से ऊपर पहुंचा चंबल नदी का जल स्तर

संवादसूत्र, उदी : कोटा बैराज से छोड़े गये पानी के चलते चंबल के जल स्तर में मंगलवार को तेजी से बढ़ोत्तरी हुई। मंगलवार शाम चार बजे तक चंबल नदी का जल स्तर पांच मीटर से अधिक बढ़कर 121.38 मीटर तक पहुंच गया जो कि चेतावनी प्वाइंट 121 से ऊपर बताया गया है जबकि यमुना नदी में आंशिक स्तर पर बढ़ोत्तरी हो रही है। केंद्रीय जल आयोग उदी के स्थल प्रभारी शहजादे खान व सहायक दीपक कुमार ने बताया कि बारिश के कारण कोटा बैराज से भारी मात्रा में पानी छोड़ा गया है। बांध के पानी के चलते सोमवार शाम से चंबल नदी का जल स्तर बढ़ना शुरू हो गया था और 15 से 20 सेमी प्रति घंटे जल स्तर बढ़ने लगा। अभी भी जल स्तर में 14 से 15 सेमी प्रति घंटे की बढ़ोत्तरी हो रही है। चेतावनी प्वाइंट से ऊपर जल स्तर चला गया है। इसके आगे भी बढ़ने की संभावना है। वहीं केंद्रीय जल आयोग यमुना नदी के स्थल सहायक अभिषेक कुमार ने बताया कि बारिश के पानी के कारण यमुना के जल स्तर में भी सोमवार देर शाम आंशिक बढ़ोत्तरी हुई है। एक से दो सेमी प्रति घंटे की बढ़ोत्तरी के साथ यमुना का जल स्तर मंगलवार की शाम चार बजे तक 118.89 मीटर दर्ज किया गया जो खतरे के निशान से काफी नीचे है। यहां पर किसी भी बांध से पानी छोड़े जाने की अभी सूचना नहीं है। एसडीएम ने गांवों का निरीक्षण किया बाढ़ की संभावना को देखते हुए एसडीएम सदर सिद्धार्थ ने मंगलवार को संभावित बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया है। उन्होंने मड़ैया पछायगांव, बसवारा व बढ़पुरा की मड़ैया का निरीक्षण किया और ग्रामीणों को अलर्ट रहने को कहा। लेखपालों को अलर्ट रहने को कहा गया है और बाढ़ चौकियों को अलर्ट कर दिया गया है। पानी बढ़ने की संभावना को लेकर गांव के लोगों को सुरक्षित स्थान पर जाने को कहा गया है। इस अवसर पर डिप्टी कलक्टर प्रशिक्षु रितु प्रिया सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।

chat bot
आपका साथी