पहाड़ों पर जारी बर्फबारी से गिरा तापमान

जागरण संवाददाता इटावा मंगलवार को सुबह समय से सूर्योदय होने से मौसम खुशगवार हो गया लेकि

By JagranEdited By: Publish:Tue, 07 Dec 2021 08:33 PM (IST) Updated:Tue, 07 Dec 2021 08:33 PM (IST)
पहाड़ों पर जारी बर्फबारी से गिरा तापमान
पहाड़ों पर जारी बर्फबारी से गिरा तापमान

जागरण संवाददाता, इटावा : मंगलवार को सुबह समय से सूर्योदय होने से मौसम खुशगवार हो गया लेकिन पहाड़ों पर जारी बर्फबारी से न्यूनतम तापमान में तीन डिग्री गिरावट होने से सुबह सर्दी की सिहरन महसूस की गई। दोपहर में धूप खिलने से लोगों ने धूप का जमकर आनंद लिया। तापमान सुबह न्यूनतम 09 तो दोपहर में अधिकतम 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि बीते दिवस सोमवार को न्यूनतम 12 तो अधिकतम 25 डिग्री था। मौसम साफ होने से रबी की फसलों की बोआई का कार्य तेजी से शुरू हो गया है।

अब मौसम में निरंतर ठंडक बढ़ने का सिलसिला शुरू हो गया है, इसके चलते शाम ढलते ही सर्दी की सिहरन बढ़ने लगती है जो सुबह सूर्योदय तक कायम रहती है। सूरज के भरपूर चमकने पर ही सर्दी से राहत मिलती है। बीते चार दिनों से जम्मू-काश्मीर से लेकर उत्तराखंड में जारी बर्फबारी से मैदानी क्षेत्र में सर्दी बढ़ने लगी है। कृषि मौसम वैज्ञानिक डा. एसएन सुनील पाण्डेय ने बताया कि चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र पश्चिम बंगाल और बांगलादेश तट पर बना हुआ है जो पश्चिमी हिमालय को प्रभावित करेगा। इससे पहाड़ों पर बर्फबारी और बारिश का सिलसिला चलेगा। इससे मैदानी क्षेत्र में तापमान में गिरावट का दौर चलेगा जिससे सर्दी बढ़ती जाएगी। बारिश के आसार नहीं हैं इससे किसान वर्ग रबी की फसलों की बोआई तेजी से करें। सर्दी से सभी लोग बचाव करें।

गर्म कपड़ों और वस्तुओं की खरीदारी

वातावरण में ठंडक बढते ही गर्म कपड़ों और वस्तुओं के बाजार में जमकर खरीदारी का दौर शुरू हो गया है। फुटपाथ से लेकर माल तक जैकेट, मौजा, स्वेटर की बिक्री खूब हो रही है तो दूसरी और गुड़, तिल तथा अन्य प्रकार की मेवा की खरीदारी बढ़ गई है। इन बाजारों में ग्राहकों की रौनक नजर आई।

chat bot
आपका साथी