स्कूल के सुरक्षा गार्ड ने महिला की चेन छीनी

संवादसूत्र बकेवर पति संग बाइक से मायके ससुराल लौट रही महिला के गले पर झपट्टा मारकर स

By JagranEdited By: Publish:Thu, 30 Sep 2021 06:40 PM (IST) Updated:Thu, 30 Sep 2021 06:50 PM (IST)
स्कूल के सुरक्षा गार्ड ने महिला की चेन छीनी
स्कूल के सुरक्षा गार्ड ने महिला की चेन छीनी

संवादसूत्र, बकेवर : पति संग बाइक से मायके से ससुराल लौट रही महिला के गले पर झपट्टा मारकर सोने की चेन तोड़ ली गई। सिक्सलेन हाईवे पर बिजौली के पास अंजाम दी गई चेन स्नेचिग में गोद में बेटे को लिए बैठी महिला गिरकर घायल हो गई। उसके पति ने पीछा करके बाइक सवार आरोपित को दबोच लिया। बिजौली चौकी पुलिस आरोपित व पीड़िता को लेकर थाने पर पहुंची। पूछताछ में आरोपित इकदिल क्षेत्र के विद्यालय का सुरक्षा गार्ड निकला। विद्यालय व लखना कस्बा के कई लोग उसके पक्ष में थाना पहुंचे और तर्क दिया कि पीड़िता को आरोपित पहचानने में गलत फहमी हुई है।

औरैया के तिलक नगर मोहल्ला निवासी वंदना अपने पति अश्विनी उपाध्याय, दो छोटे बच्चों के साथ बाइक से अपने मायके नगला बेनी सैफई से ससुराल गुरुवार की सुबह लौट रही थीं। उनकी दादी की तबीयत खराब होने के कारण वह बुधवार को हालचाल लेने के लिए आई थीं। लौटते में बकेवर थाना अंतर्गत बिजौली ओवरब्रिज के पास पीछे से आ रहे एक बाइक सवार ने वंदना के गले से डेढ़ तोला की जंजीर खींच ली। उनकी गोद में दो माह का पुत्र तेजस था। जंजीर खींचने के असंतुलित होकर वंदना चलती बाइक से गिरकर घायल हो गईं। उन्होंने पति से बाइक सवार का पीछा करने को कहा तो पति ने पीछा कर बाइक सवार को लात मारकर गिराने के बाद पकड़ लिया।

सूचना पर बिजौली चौकी प्रभारी अविनाश फोर्स के साथ तुरंत घटना स्थल पर पहुंचे और पीड़िता व आरोपित को पकड़कर थाने ले गए। पकड़ा गया आरोपित लखना के करौंधी गांव का बताया गया है। उसने व उसके समर्थकों ने महिला की जंजीर खिचने के दौरान पहचानने में गलतफहमी होने की बात कही। थाने पहुंचे लोगों ने पुलिस को बताया कि आरोपित व्यक्ति विद्यालय में सुरक्षा गार्ड है। वह स्नातक में पढ़ने वाली अपनी पुत्री को बकेवर के कालेज में बाइक से छोड़कर ड्यूटी करने इकदिल क्षेत्र के विद्यालय कुछ देर पहले ही गया था। पुत्री के लिए पुस्तकें व ड्रेस लेने बकेवर आ रहा था। नवागत थाना प्रभारी विद्यासागर सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी हुई है। मामले की जांच की जा रही है। हाइवे के सीसीटीवी कैमरे चेक करने को बिजौली चौकी प्रभारी अविनाश व उप निरीक्षक मनीष कुमार को लगाया गया है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।

chat bot
आपका साथी