पर्वों पर रोडवेज कराएगी सुखद सफर का अहसास

जागरण संवाददाता इटावा दीपावली भैया दूज तथा छठ पर्व पर रोडवेज क्षेत्रीय स्तर पर आठों ि

By JagranEdited By: Publish:Mon, 01 Nov 2021 06:24 PM (IST) Updated:Mon, 01 Nov 2021 07:46 PM (IST)
पर्वों पर रोडवेज कराएगी सुखद सफर का अहसास
पर्वों पर रोडवेज कराएगी सुखद सफर का अहसास

जागरण संवाददाता, इटावा : दीपावली, भैया दूज तथा छठ पर्व पर रोडवेज क्षेत्रीय स्तर पर आठों डिपो से बसों को दिल्ली तथा आगरा-कानपुर मार्ग तथा अन्य मार्गों पर आवश्यकता के अनुरूप दौड़ाकर आम यात्रियों को सुखद सफर अहसास कराने के लिए सार्थक प्रयास कर रही है। इसके तहत निर्धारित समय से ज्यादा ड्यूटी करने वाले कर्मियों को प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।

पर्वों को लेकर परिवहन निगम मुख्यालय ने समूचे प्रदेश में आम यात्रियों को सुखद सफर का अहसास कराने की व्यवस्था कराने पर विशेष जोर दिया है। इटावा क्षेत्र में इटावा, औरैया, छिबरामऊ, फर्रुखाबाद, बेवर, मैनपुरी, सैफई तथा शिकोहाबाद आठ डिपो समाहित है, जिनमें 481 बसों का बेड़ा है। दीपावली पर्व पर दिल्ली और आगरा की ओर से काफी संख्या में लोग अपने घरों पर आते हैं जो भैया दूज पर्व मनाने के बाद वापस लौटते हैं, इसके साथ छठ पूजा के लिए काफी लोग आवागमन करते हैं। इसके मद्देनजर रोडवेज आज मंगलवार से 11 नवंबर तक उपरोक्त मार्गों पर विशेष सजगता बरतेगी। दिल्ली के लिए 213 तथा आगरा-कानपुर के मध्य 250 बसें अनवरत दौड़ेंगी। हर स्टेशन पर ठहराव करके यात्रियों को उतारने-चढ़ाने का कार्य करेंगी। सभी बसों के किमी डेढ़ से दो गुना किए जाने पर जोर दिया जा रहा है ताकि लोकल यात्री भी परेशान न हों। स्थानीय मार्गों पर रहेगी सुविधा

पर्वों को लेकर हर डिपो से स्थानीय मार्गों पर भी रोडवेज बसों की सुविधा बरकरार रखी जाएगी। दूरदराज से आने वाले यात्रियों को उनके ग्रामों तथा कस्बों तक आवागमन करने के लिए पर्याप्त संख्या में रोडवेज की बसें उपलब्ध रहेंगी।

कर्मियों को मिलेगी प्रोत्साहन राशि

पर्वों के दौरान लगातार 10 दिन में तीन हजार किमी पूर्ण करने वाले निगम के चालकों और परिचालकों को 4000 रुपये तथा नौ दिन में 2700 किमी करने वालों को 3150 रुपये प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी। 2700 किमी करने के बाद प्रति किमी 55 पैसे की दर से अतिरिक्त राशि मिलेगी। स्टेशन, डिपो तथा वर्कशाप में इस दौरान लगातार 10 दिन कार्य करने वाले कर्मियों को 1200 तथा नौ दिन वालों को 1000 रुपये प्रोत्साहन राशि मिलेगी। पर्वों के दौरान यात्रियों को सुखद सफर का अहसास हो इसके लिए सार्थक प्रयास किए जा रहे हैं। सभी डिपो में व्यवस्थाएं और अधिक चाक-चौबंद कराई गई हैं। दिल्ली, आगरा सहित सभी महत्वपूर्ण बस स्टेशनों पर निगम के अधिकारी अनवरत व्यवस्थाओं को देख रहे हैं जिस मार्ग के लिए बस की आवश्यकता होगी, वहां तत्काल बस रवाना कराई जाएगी।

वीपी अग्रवाल

क्षेत्रीय प्रबंधक, परिवहन निगम इटावा क्षेत्र

chat bot
आपका साथी