कच्चा मकान गिरा, बेटी की मौत, मां घायल

संवाद सूत्र उदी थाना बढ़पुरा क्षेत्र के ग्राम पंचायत पुरा रैवाड़ी में कच्चा मकान गिर जाने से

By JagranEdited By: Publish:Tue, 19 Oct 2021 07:49 PM (IST) Updated:Tue, 19 Oct 2021 07:49 PM (IST)
कच्चा मकान गिरा, बेटी की मौत, मां घायल
कच्चा मकान गिरा, बेटी की मौत, मां घायल

संवाद सूत्र, उदी : थाना बढ़पुरा क्षेत्र के ग्राम पंचायत पुरा रैवाड़ी में कच्चा मकान गिर जाने से महिला व दो बच्चे मलवे में दब गए। चीखपुकार मचने पर ग्रामीणों ने किसी तरह तीनों को बाहर निकाला। जिसमें पांच साल की बच्ची की मौत हो गई। जबकि मां गंभीर रूप से घायल है। 08 वर्षीय पुत्र को सकुशल बाहर निकाल लिया गया। पुलिस द्वारा घायल महिला को जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। सदर तहसीलदार श्रीराम यादव ने घटना स्थल का दौरा किया और एसडीएम सदर एनराम द्वारा स्वजन को आर्थिक सहायता के अलावा आवास दिलाए जाने की घोषणा की गई। ग्राम निवासी लक्खाराम बघेल की 35 वर्षीय पत्नी उमा देवी अपने दोनों बच्चों 05 वर्षीय पुत्री अलका व 08 वर्षीय पुत्र अजय के साथ कच्चे मकान की दीवार पर रखे टिन शेड के नीचे रोज की तरह सो रहे थे। मंगलवार की सुबह अचानक कच्ची दीवार ढह गई और तीनों मलवे में दब गए। उनके द्वारा चिल्लाए जाने पर पड़ोसियों ने ग्रामीणों के सहयोग से सभी को मलवे से बाहर निकाला तब तक अलका की मौत हो चुकी थी और उमा देवी की हालत गंभीर थी। जबकि अजय सुरक्षित बच गया। ग्रामीणों द्वारा पुलिस को सूचना दी गई और एंबुलेंस को तत्काल मौके पर बुलवाया गया। जहां से घायल उमा देवी को जिला अस्पताल भेजा गया। बताया गया है कि परिवार का मुखिया लक्खा राम बघेल मजदूरी के साथ सीजन पर हलवाई का भी काम करता है। दीपावली पर्व करीब आने के कारण पांच दिन पूर्व ही वह गुरुग्राम में हलवाई का काम करने के लिए गया था। घर पर पत्नी व बच्चे मौजूद थे। ग्रामीणों के अनुसार लक्खाराम की माली हालत ठीक नहीं है जिसके चलते वह अब तक पक्का मकान नहीं बनवा सका। न ही उसे कोई सरकारी सहायता मिल सकी है। घटना पर एसडीएम सदर एन राम द्वारा गहरा शोक प्रकट किया गया। स्वजन को तत्काल राहत के रूप में चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता दिए जाने के अलावा प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत एक आवास भी दिए जाने की घोषणा की गई। एसडीएम ने बताया कि घायल महिला का इलाज जिला चिकित्सालय में पूरी देखरेख में किया जा रहा है। राहत राशि परिवार के मुखिया के खाते में भेजी जा रही है।

chat bot
आपका साथी