पुलिस कर्मियों ने थाने में किया योगाभ्यास

संवाद सूत्र बकेवर थाने में तैनात पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को योग दिवस की पूर्व संध्य

By JagranEdited By: Publish:Sun, 20 Jun 2021 11:28 PM (IST) Updated:Sun, 20 Jun 2021 11:28 PM (IST)
पुलिस कर्मियों ने थाने में किया योगाभ्यास
पुलिस कर्मियों ने थाने में किया योगाभ्यास

संवाद सूत्र, बकेवर : थाने में तैनात पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को योग दिवस की पूर्व संध्या पर कैवल्यधाम योग संस्थान की ओर से योग प्राणायाम का प्रशिक्षण दिया गया। उनको शरीर को फिट रखने के टिप्स दिए गए।

संस्थान के प्रशिक्षक अभिषेक सिंह भदौरिया ने थाना परिसर में ताड़ासन, चक्रासन सहित अन्य योग क्रियाएं सिखाने के साथ ही अनुलोम विलोम प्राणायाम, सूर्यभेदन प्राणायामों का प्रशिक्षण और ओम के उच्चारण से होने वाले लाभ के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने महिला पुलिस कर्मियों को ताड़ासन के साथ ही मानसिक तनाव दूर करने के लिए सूर्यभेदन, भस्त्रिका प्राणायाम योग निद्रा का अभ्यास करवाया। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग हमेशा समाज की सेवा के लिए हर स्थिति परिस्थिति में अपना सारा समय देता है। इसलिए पुलिस का स्वस्थ रहना बहुत जरूरी है। योग से संयम और धैर्य बढ़ता है।

थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार सिंह ने योग प्राणायाम पुलिस कर्मियों के लिए लाभकारी बताते हुए कहा कि कोरोना महामारी के इस दौर में निरंतर ड्यूटी पर रहते हुए पुलिस कर्मी मानसिक तनाव में भी आ जाते हैं। योग प्राणायाम से उन्हें बहुत लाभ मिलेगा।

उम्र 80 की, देवकीनंदन करा रहे योग

संवाद सहयोगी, भरथना : योग से शरीर निरोग बनता है। यह कथन योग गुरु के नाम से पहचान बनाने वाले 80 वर्षीय देवकीनंदन अग्रवाल पर सटीक बैठता है। नेविलगंज में रहने वाले देवकीनंदन 25 वर्षों से योग कर रहे हैं। वह नगर की महिला और पुरुषों को 16 वर्षों से योग की क्लास चलाकर निश्शुल्क योगाभ्यास करा रहे हैं।

कोरोना काल में एक माह के लिए बंद रही योग की क्लास साधकों की मांग पर फिर से चालू हो गई है। कोरोना काल में लोगों को योग का महत्व समझ में आया तो योग सीखने वालों की संख्या में बढ़ोतरी होने लगी। देवकीनंदन बताते हैं कि उन्होंने 1993 में अपनी आढ़त की दुकान को बंद कर दिया था और अब योग सेवा के साथ-साथ ग्राम कुंअरा स्थित गोशाला की देखभाल करते हैं। उनकी देखरेख में 2006 से नगर के मोहल्ला यादव नगर स्थित एक भवन में गरीब लोगों के लिए प्रतिदिन भोजन की व्यवस्था चल रही है। वह सुबह पांच बजे लंगूर की मठिया में पुरुषों तथा शाम सात बजे मोहल्ला गली गोदाम स्थित आर्य समाज मंदिर में महिलाओं को योगाभ्यास कराते हैं। योगाभ्यास में शारीरिक दूरी का पालन किया जाता है।

देवकीनंदन बताते हैं अगर व्यक्ति दिन में एक घंटा योगाभ्यास करता है तो वह सैकड़ों बीमारियों से बचा रह सकेगा। इसलिए सभी को प्रतिदिन योगाभ्यास करना चाहिए। योगाभ्यास से शरीर और मन दोनों स्वस्थ रहते हैं। अगर कोई व्यक्ति 30 मिनट तक सुबह-शाम कपालभाति क्रिया करता है तो मोटापा, मधुमेह, गैस, किडनी, दुर्बलता जैसी अनेक बीमारियों से बचा रहेगा। अग्निसार क्रिया दिन में तीन बार करने से मोटापा, मधुमेह, लिवर व मूत्र जैसे रोगों से निजात मिलती है। अनुलोम विलोम से हृदय और मस्तिष्क मजबूत होता है।

chat bot
आपका साथी