बरेली हाईवे के चौड़ीकरण को भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया शुरू

हेम कुमार शर्मा इटावा ग्वालियर-बरेली हाईवे 92 पर जल्द निर्माण कार्य शुरू होने के संकेत

By JagranEdited By: Publish:Sun, 20 Jun 2021 10:50 PM (IST) Updated:Sun, 20 Jun 2021 10:50 PM (IST)
बरेली हाईवे के चौड़ीकरण को भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया शुरू
बरेली हाईवे के चौड़ीकरण को भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया शुरू

हेम कुमार शर्मा, इटावा

ग्वालियर-बरेली हाईवे 92 पर जल्द निर्माण कार्य शुरू होने के संकेत मिलने लगे हैं। विश्व बैंक ने 772.80 करोड़ रुपये से इटावा एनएच-2 से फतेहगढ़ तक सड़क चौड़ीकरण, बाईपास तथा अन्य कार्यों के लिए स्वीकृत कर दिए हैं। चौड़ीकरण का कार्य विश्व बैंक से जुड़ी पीआइयू यानी परियोजना कार्यान्वयन इकाई को सौंपा गया है। निर्माण कार्य के लिए भूमि अधिग्रहण का विज्ञापन प्रकाशित होने से जद में आने वाले लोग भूमि की पैमाइश कराने लगे हैं। इस हाईवे के चौड़ीकरण होने से इटावा-बरेली आवागमन सुविधाजनक हो जाएगा।

यह हाईवे ग्वालियर से इटावा, फतेहगढ़-फर्रुखाबाद, कटरा बरेली के पास दिल्ली-लखनऊ फोरलेन से जुड़ जाता है। वहां से अन्य कई मार्ग जुड़ते हैं। इसके अलावा चौपुला कट पर आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस वे जुड़ता है। इससे करीब 20 से 25 हजार भारी वाहन इस हाईवे पर रोजाना दौड़ रहे हैं। चंबल नदी पुल से फर्रुखाबाद जनपद की सीमा रामगंगा नदी पुल तक इस मार्ग की हालत ज्यादा खराब है। इतनी दूरी में यह हाईवे राष्ट्रीय राजमार्ग खंड के हवाले है जिसका मुख्यालय यहां पर स्थापित है। हाईवे के चौड़ीकरण के लिए प्रस्ताव करीब तीन साल पूर्व प्रेषित किए गए थे। जिस पर अब विश्व बैंक ने पीआइय से निर्माण कार्य कराने की स्वीकृति प्रदान कर दी है।

इस प्रकार होगा निर्माण कार्य

पीआइय ने दो फेज में निर्माण कार्य पूर्ण करने की योजना बनाई है। इसके तहत इस हाईवे पर अब सात की बजाए दस मीटर चौड़ी सड़क होगी। दोनों ओर दो-दो मीटर की कच्ची पटरी होगी। आबादी क्षेत्र में कच्ची पटरी के साथ डेढ़ से दो मीटर चौड़ी नाली का भी निर्माण कराया जाएगा। पहले फेज में बेवर से कर्री पुलिया तक 30 किमी के लिए 236 करोड़ 47 लाख रुपये इसी के साथ बेबर से फतेहगढ़ तक 52.730 किमी की दूरी के लिए 325 करोड़ 24 लाख रुपये जबकि दूसरे फेज में कर्री पुलिया से शहर में नई मंडी के पास आगरा-कानपुर हाईवे एनएच -2 फ्लाईओवर तक 57.346 किमी के लिए 211 करोड़ 9 लाख रुपये व्यय के लिए निर्धारित किए गए हैं।

12 से 15 मीटर चौड़े होंगे पुल-पुलिया

हाईवे पर अभी अधिकतर अंग्रेजी जमाने के करीब डेढ़ सदी पूर्व के नदियों, नहरो और माइनरों तथा बरसाती पानी के निकासी के नाला पुल और पुलिया बनी हुई हैं, जिनकी चौड़ाई चार से पांच मीटर है जिससे आए दिन जाम लगता है। इस निर्माण कार्य में अब यह सभी 12 से 15 मीटर चौड़ाई के फोरलेन समान बनाए जाएंगे। इससे जाम की समस्या का समाधान हो जाएगा।

अकबरपुर से लोहिया नहर तक बाईपास

इस हाईवे पर करीब तीन किमी की दूरी में कस्बा बसरेहर तथा बहादुर पुर की घनी आबादी और बाजार होने को लेकर अकबरपुर से लोहिया नहर पुल के आगे तक करीब चार किमी की दूरी का फोरलेन बाईपास का निर्माण कराया जाएगा।

गजट होने पर शहर का बाईपास जुड़ेगा

अभी यह हाईवे शहर में श्रीगुरुतेग बहादुर सिंह ओवरब्रिज, एसएसपी चौराहा होते हुए लुहन्ना से यमुना नदी पुल होकर ग्वालियर की ओर जाता है। निकट भविष्य में शहर में मानिकपुर मोड़ से सुनवारा यमुना नदी के पास बनाए गए फोरलेन बाईपास का गजट होने पर यह बाईपास इसी हाईवे में समाहित हो जाएगा तथा भरथना चौराहा से सुनवारा तक का मार्ग लोनिवि के प्रांतीय खंड के हवाले किया जाएगा।

------------------------ ग्वालियर-बरेली हाईवे पर शहर में नई मंडी के पास एनएच-2 फ्लाईओवर पुल से फतेहगढ़ तक चौड़ीकरण का निर्माण कार्य विश्व बैंक ने स्वीकृत कर दिया है। इसके अकबरपुर से लोहिया पुल तक बाईपास भी सम्मलित है। पीआइय ने निविदा प्रक्रिया शुरू करा दी हैं, जिससे जल्द ही निर्माण कार्य शुरू होगा।

सुभाष चंद्र शर्मा, सहायक अभियंता, राष्ट्रीय राजमार्ग खंड

chat bot
आपका साथी