समृद्ध भारत के लिए महिलाओं का सशक्त होना जरूरी

जागरण संवाददाता इटावा अंतर्राष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय

By JagranEdited By: Publish:Mon, 11 Oct 2021 07:15 PM (IST) Updated:Mon, 11 Oct 2021 07:15 PM (IST)
समृद्ध भारत के लिए महिलाओं का सशक्त होना जरूरी
समृद्ध भारत के लिए महिलाओं का सशक्त होना जरूरी

जागरण संवाददाता, इटावा : अंतर्राष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय में विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया। इस अवसर पर संबोधित करते हुए सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण जसवीर सिंह यादव ने कहा कि समृद्ध भारत के लिए महिलाओं का सशक्त होना बेहद जरूरी है। बाहर ही नहीं बल्कि घर में भी बालिका एवं महिलाएं भेदभाव एवं यौन हिसा की शिकार हो रही हैं। इस लिए बालिकाओं को शिक्षित करना हमारा पहला दायित्व है। शिक्षा से न सिर्फ वह जागरूक होती हैं बल्कि उनके अंदर आत्मविश्वास भी पैदा होता है। सरकार ने बालिकाओं को सशक्त बनाने के लिए कई योजनाओं को लागू किया है जिनमें बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ एक महत्वपूर्ण विषय है। जिला समन्वयक बालिका शिक्षा विनय कुमार, अवधेश कुमार, लड्डन अहमद मौजूद रहे।

सोमवार को आजादी का अमृत महोत्सव आयोजन के उपलक्ष्य में विधिक साक्षरता शिविर तहसील इटावा, बीआरसी चकरनगर, ग्राम टूरिया भरथना, नगर पालिका जसवंतनगर, प्राथमिक विद्यालय अमरसीपुर, ग्राम छिमारा व शीतल प्रसाद शोरावाल इंटर कालेज में आयोजित किये गये। स्वयं सेवी अश्वनी कुमार त्रिपाठी, राधाकृष्ण, अशोक कुमार, संदीप पांडेय, राजीव पाल, शकुंतला यादव, ब्रजेश कुमार, रवि कुमार, आदेश श्रीवास्तव ने आम जनमानस को विधिक अधिकारों के संबंध में जानकारी दी एवं पंपलेट भी बांटे।

संवाद सहयोगी, सैफई के अनुसार : अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर समारंभा फाउंडेशन द्वारा उच्च प्राथमिक विद्यालय नगला सुभान में चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। विजेताओं को फाउंडेशन के अध्यक्ष कवयित्री ऋचा राय द्वारा प्रमाण पत्र व मेडल दिए गए। उन्होंने बालिकाओं की शिक्षा पर विशेष ध्यान देने को प्रेरित किया। इस अवसर पर प्रतिभा यादव, शबाना, अंजली तोमर, साधना, रूपरेखा, रजत मौजूद रहे।

chat bot
आपका साथी