आसमान में बादल, धरातल पर भीषण गर्मी

जागरण संवाददाता इटावा आसमान में बादल छाने के बावजूद मंगलवार को सूरज की तपिश कम नहीं हुई जिससे वातावरण में भीषण गर्मी व्याप्त रही। तापमान सुबह न्यूनतम 2

By JagranEdited By: Publish:Tue, 07 May 2019 10:27 PM (IST) Updated:Tue, 07 May 2019 10:27 PM (IST)
आसमान में बादल, धरातल पर भीषण गर्मी
आसमान में बादल, धरातल पर भीषण गर्मी

जागरण संवाददाता, इटावा : आसमान में बादल छाने के बावजूद मंगलवार को सूरज की तपिश कम नहीं हुई जिससे वातावरण में भीषण गर्मी व्याप्त रही। तापमान सुबह न्यूनतम 28 तो दोपहर में अधिकतम 42 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सारा दिन 19 से 31 किमी की स्पीड से गर्म हवा आग की भांति चलने से आम जनमानस ने अधिकतम तापमान 45 डिग्री महसूस किया। दोपहर से अपराह्न के मध्य तेज लू से विवशता के तहत आवागमन करने वालों का बुरा हाल था। भीषण गर्मी से धरातल पर जिसे देखो वही पसीने से तरबतर नजर आ रहा था। अधिकांश लोग गला तर करने के लिए शीतल पेय पदार्थों का पान करते दिखे। बीते तीन दिनों से वातावरण में जलनभरी भीषण गर्मी का प्रकोप तेजी से बढ़ने लगा है। हालांकि दोपहर के समय बादल छाने तथा तेज हवा चलने से आंधी-पानी के आसार हुए लेकिन थोड़ी देर बाद सूरज की तेज तपिश से बेहाली का आलम हो गया। दोपहर में शहर में जाम में फंसे बच्चों से लेकर वृद्धों तक का बुरा हाल था। सार्वजनिक स्थानों पर शीतल जल न मिलने से लोगों को गला तर करने के लिए भटकना पड़ा। रेलवे तथा बस स्टेशन पर अधिकतर लोगों ने शीतल पेय पदार्थ खरीदकर ही गला तर किया। भीषण गर्मी में खानपान को लेकर संक्रामक रोग भी तेजी से फैल रहे हैं। इससे अस्पतालों में रोगियों की भीड़ नजर आ रही है। धरातल पर भीषण गर्मी होने के बावजूद किसान खेतों में पड़ी गेहूं की फसल की कटाई-मड़ाई में तेजी से जुटे नजर आए।

लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप

chat bot
आपका साथी