मुख्यमंत्री तो ईमानदार पर नौकरशाही में भ्रष्टाचार व्याप्त

संवादसूत्र ऊसराहार (इटावा) मुख्यमंत्री तो ईमानदार हैं पर नौकरशाही में भ्रष्टाचार व्याप्त ह

By JagranEdited By: Publish:Sat, 31 Jul 2021 06:39 PM (IST) Updated:Sat, 31 Jul 2021 06:39 PM (IST)
मुख्यमंत्री तो ईमानदार पर नौकरशाही में भ्रष्टाचार व्याप्त
मुख्यमंत्री तो ईमानदार पर नौकरशाही में भ्रष्टाचार व्याप्त

संवादसूत्र, ऊसराहार (इटावा): मुख्यमंत्री तो ईमानदार हैं पर नौकरशाही में भ्रष्टाचार व्याप्त है। जनता परेशान है पर चुप है, लेकिन इसका जवाब वह चुनाव में देगी। यह बात प्रसपा प्रमुख शिवपाल सिंह यादव ने ताखा में कही। उन्होंने आरोप लगाया कि ताखा में तहसीलदार खुलेआम भ्रष्टाचार कर रहे हैं। यदि सुधार नहीं किया तो वह क्षेत्र की जनता के साथ धरने पर बैठ जाएंगे। उन्होंने लोगो से वैक्सीन लगवाने की अपील की।

प्रसपा प्रमुख एवं क्षेत्रीय विधायक शिवपाल सिंह यादव ने शनिवार को ताखा की नई सीएचसी का निरीक्षण किया। इस दौरान आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए उन्होंने सपा प्रमुख के बयान से हटकर कहा सभी लोग वैक्सीन अवश्य लगवाएं, यह सुरक्षित है। जिन लोगो ने वैक्सीन लगवाई है यदि उन्हें कोरोना हुआ भी है तो उसका असर ज्यादा नहीं हुआ है। वह खुद भी पहला डोज लगवा चुके हैं। उन्होंने कहा पूरे प्रदेश में भ्रष्टाचार फैला हुआ है। इसकी शिकायत उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलकर की थी और कहा था आप तो ईमानदार हैं लेकिन नौकरशाही में भ्रष्टाचार फैला हुआ है। ताखा में भी कई अधिकारी बिना पैसे लिए काम नहीं करते हैं। तहसीलदार ताखा और लेखपाल बिना पैसे लिए काम नहीं करते हैं। उन्होंने विद्युत एसडीओ पर भी आरोप लगाए और कहा कि मुख्यमंत्री से शिकायत करेंगे।

शिवपाल ने कहा कि अपनी सरकार में उन्होंने सीएचसी की सौगात देकर किसानों को फसल का वाजिब दाम दिया था। लेकिन आज किसानों को उनकी फसल का दाम नहीं मिल रहा है। जनता अगले चुनाव में जवाब देगी। उन्होंने यह भी कहा कि क्षेत्रीय समस्याओं के लिए ध्रुव यादव को शिकायत दें।

विधायक प्रतिनिधि ध्रुव यादव ने कहा क्षेत्र में किसी भी सूरत में भ्रष्टाचार नहीं होने दिया जाएगा। जनता से पैसा लेकर काम करने वाले अधिकारी अपनी आदत को बदल लें। सीएमओ डा. भगवान दास ने कहा कोरोना अभी खत्म नहीं हुआ है इसलिए मास्क का प्रयोग करें, शारीरिक दूरी का पालन करें। एसडीएम सत्यप्रकाश मिश्रा ने कहा आप लोगों की जागरूकता के चलते अब लोग वैक्सीन लगवाने के लिए आने लगे हैं। डिप्टी सीएमओ अवधेश यादव, सीएचसी प्रभारी डा. उदय प्रताप सिंह मौजूद रहे। शिवपाल यादव ने स्वास्थ्य केंद्र में आक्सीजन कंसंट्रेटर व हेल्थ किट के लिए 20 लाख रुपये भी दिए हैं।

------

पांच सड़कों का लोकार्पण किया

शिवपाल सिंह यादव ने इस दौरान ताखा क्षेत्र में विधायक निधि से बनी पांच सड़कों का लोकार्पण भी किया। इस दौरान जिलाध्यक्ष सुनील यादव, अनुज गुप्ता, आशू यादव, रामप्रकाश, सचिन यादव सहित तमाम लोग मौजूद रहे।

chat bot
आपका साथी