आंगनबाड़ी कार्यकर्ता की गोली मारकर हत्या

जागरण संवाददाता इटावा सिविल लाइन थाना क्षेत्र के ग्राम सैदपुर नगला पीर में रविवार की आधी र

By JagranEdited By: Publish:Mon, 17 May 2021 04:49 PM (IST) Updated:Mon, 17 May 2021 07:11 PM (IST)
आंगनबाड़ी कार्यकर्ता की गोली मारकर हत्या
आंगनबाड़ी कार्यकर्ता की गोली मारकर हत्या

जागरण संवाददाता, इटावा : सिविल लाइन थाना क्षेत्र के ग्राम सैदपुर नगला पीर में रविवार की आधी रात खेत पर खरबूजा तोड़ रहे चोरों का विरोध करने के लिए पति संग पहुंची आंगनबाड़ी कार्यकर्ता की गोली मारकर हत्या कर दी गई। रामनिवास पुत्र दीनानाथ निवासी ग्राम सैदपुर नगला पीर के मुताबिक वह अपनी 45 वर्षीय पत्नी सुधा और बच्चों के साथ घर पर सो रहे थे। तभी रात करीब साढ़े 11 बजे उनके घर पर श्रीपाल पुत्र पूरनलाल निवासी नगला पीर ने आकर बताया कि उनके खेत में चोर तरबूज की चोरी कर रहे हैं। श्रीपाल को इसकी सूचना मोबाइल फोन पर उनके बड़े भाई श्रीकृष्ण ने दी थी। दरअसल श्रीकृष्ण उस समय अपने खेत पर पानी लगा रहे थे। तब उन्होंने चचेरे भाई रामनिवास के खरबूजा और प्याज के खेतों में चोरों को देखा था। घटना की सूचना होते ही रामनिवास अपनी पत्नी सुधा के साथ घर से निकल कर अपनी साइकिल से खेतों पर चले गए। खेत पर सभी लोगों ने मिलकर चोर को तलाशा तो रात करीब साढ़े 12 बजे सुधा को अज्ञात व्यक्ति द्वारा गोली मार दी गई। रामनिवास लहूलुहान पत्नी सुधा को लेकर जिला अस्पताल के लिए दौड़े। वहा डाक्टर ने सुधा को मृत घोषित कर दिया। रामनिवास के मुताबिक उन्होंने खेत से दो लोगों को भागते हुए देखा है। इनमें से अंधेरे में एक व्यक्ति द्वारा मारी गई गोली पत्नी के सीने में लगी थी। सभी पहलुओं से की जा रही जांच

एएसपी नगर प्रशांत कुमार प्रसाद ने बताया रविवार की रात में पुलिस को खेत पर एक महिला की हत्या की सूचना मिली थी। इस पर सिविल लाइन थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। घटना में अज्ञात व्यक्ति द्वारा गोली मारने की बात कही गई है। घटना में जितने एंगल हो सकते हैं, सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। आखिर महज चोरी की बात पर गोली क्यों मारी गई, यह भी जांच का विषय है। मृतका के पति की तरफ से तहरीर दी गई है। गांव के केंद्र पर तैनात थी

सुधा वर्ष 2010 से ग्राम सैदपुर स्थित आंगनबाड़ी केंद्र पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के पद पर तैनात थी। वह अपने पीछे तीन पुत्रियां आरती, अंजू, गायत्री और पुत्र अमन को छोड़ गई है।

chat bot
आपका साथी