एटा में बदलाव लाने वाली महिलाएं बनेंगी रोल माडल

विभिन्न क्षेत्रों में सकारात्मक कार्य करने वाली महिलाएं होंगी चयनित अन्य लोगों को प्रेरित करने के लिए प्रसारित की जाएंगी कहानियां

By JagranEdited By: Publish:Sat, 27 Feb 2021 06:39 AM (IST) Updated:Sat, 27 Feb 2021 06:39 AM (IST)
एटा में बदलाव लाने वाली महिलाएं बनेंगी रोल माडल
एटा में बदलाव लाने वाली महिलाएं बनेंगी रोल माडल

जासं, एटा: मिशन शक्ति के अंतर्गत विभिन्न क्षेत्रों में अपने प्रयासों से बदलाव लाने वाली जिले की महिलाओं को चिह्नित किया जा रहा है। इन्हें रोल माडल बनाकर इनकी सकारात्मक कहानियां महिलाओं के बीच प्रसारित की जाएंगी, जिससे प्रेरित होकर अन्य महिलाएं भी आगे बढ़ें। प्रोबेशन, बाल विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य, पंचायती राज आदि विभागों के समन्वय से महिलाओं का चयन किया जाएगा।

यह कार्यक्रम एक मार्च से शुरू होगा। इसमें सात मार्च तक शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में ऐसी महिलाओं की पहचान की जाएगी जिनके प्रयास से समाज के किसी भी क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव आया हो। महिलाओं और बच्चों के विकास, सुरक्षा व संरक्षण के लिए असाधारण कार्य करने वाली महिलाओं को खास स्थान दिया जाएगा। महिला कल्याण, बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग की प्रतिभावान और प्रेरक महिलाओं को भी शामिल किया जाएगा। टीवी-रेडियो पर गूंजेंगी कहानियां:

इस तरह का सामाजिक बदलाव लाने वाली महिलाओं की कहानियां महिला कल्याण विभाग ने मांगी हैं। इन कहानियों को आठ मार्च को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर मेगा ईवेंट अनंता के माध्यम से टीवी, रेडियो, एफएम, गोष्ठी, समाचार पत्रों के माध्यम से जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। शासन के निर्देश पर मिशन शक्ति के तहत लगातार विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। अनंता के माध्यम से सकारात्मक कहानियों के प्रसारण से काफी जागरूकता आएगी। मिशन को अगले वित्त वर्ष में भी जारी रखा जाएगा, जिसके लिए योजना तैयार की जाएगी।

- अलंकार अग्निहोत्री, जिला प्रोबेशन अधिकारी

chat bot
आपका साथी