सड़क हादसे में महिला घायल, ग्रामीणों ने लगाया जाम

एक घंटे बाद पुलिस ने यातायात कराया सुचारू अन्य दुर्घटनाओं में तीन लोग जख्मी रेफर

By JagranEdited By: Publish:Fri, 19 Nov 2021 05:39 AM (IST) Updated:Fri, 19 Nov 2021 05:39 AM (IST)
सड़क हादसे में महिला घायल, ग्रामीणों ने लगाया जाम
सड़क हादसे में महिला घायल, ग्रामीणों ने लगाया जाम

जासं, एटा: जलेसर कोतवाली क्षेत्र में अज्ञात वाहन की चपेट में आने से महिला का पैर कट गया। उसे गंभीर हालत में आगरा रेफर कर दिया गया। आक्रोशित ग्रामीणों ने आरोपित चालक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर एटा-मथुरा राजमार्ग पर जाम लगा दिया। अन्य दुर्घटनाओं में तीन लोग जख्मी हुए हैं।

बुधवार रात नौ बजे ग्राम जमो निवासी नेम सिंह अगरिया की 35 वर्षीय पत्नी सड़क पार करते समय अज्ञात वाहन की चपेट में आ गई, जिससे उसका पैर कट गया। हादसे के बाद आरोपित चालक वाहन लेकर भाग गया। हादसे में महिला के घायल होने की जानकारी मिलते ही स्वजन और ग्रामीण जमा हो गए। उन्होंने आरोपित चालक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर जाम लगा दिया। जलेसर कोतवाली पुलिस ने एक घंटे बाद आक्रोशित ग्रामीणों को समझा बुझाकर यातायात सुचारू कराया। घायल महिला को गंभीर हालत में आगरा रेफर कर दिया गया।

दूसरी ओर कोतवाली देहात क्षेत्र में ग्राम कठोली के निकट बाइकों की भिड़ंत में कासगंज जनपद के सिढ़पुरा थाना क्षेत्र के ग्राम हमीरपुर निवासी श्रीराम घायल हो गया। वहीं मैक्स की चपेट में आने से पिलुआ कस्बा निवासी विकास घायल हुआ है। इसके अलावा रिजोर थाना क्षेत्र में हुए सड़क हादसे में ग्राम निधौली खुर्द निवासी विपिन कुमार घायल हुआ है। स्वजन द्वारा सभी घायलों को मेडिकल कालेज के आपात कक्ष में भर्ती कराया गया, जहां से घायल विकास को अलीगढ़ व श्रीराम तथा विपिन कुमार को आगरा रेफर कर दिया गया।

chat bot
आपका साथी