बारिश के बाद मुहल्लों में जलभराव, सड़कें धसीं

सीवर लाइन डालने के बाद तैयार कराई गई सड़क की भी पोल खुली

By JagranEdited By: Publish:Sat, 22 May 2021 06:39 PM (IST) Updated:Sat, 22 May 2021 06:39 PM (IST)
बारिश के बाद मुहल्लों में जलभराव, सड़कें धसीं
बारिश के बाद मुहल्लों में जलभराव, सड़कें धसीं

जासं, एटा: तीन दिन तक हुई रिमझिम बारिश में शहर के अंदर कई मुहल्लों में जलभराव हो गया। कुछ जगहों पर पानी बहाव अधिक होने के कारण सड़क भी धंस गई हैं। सीवर लाइन के लिए उखाड़ी गई सड़कों पर लोगों के लिए अधिक परेशानी हो रही है। लोग घरों से निकलते वक्त कीचड़ में फिसल रहे हैं।

बारिश में शहर के अंदर जल निकासी व्यवस्था की पोल खुल गई है। कुछ जगहों को छोड़कर अधिकांश जगहों पर जलभराव के हालात बन गए हैं। लोगों के घरों तक जाने वाले मार्ग पर जलभराव हो जाने के कारण आवागमन में परेशानी रही।

शहर के शांती नगर, संजय नगर, वर्मा नगर, द्वारिकापुरी आदि जगहों पर सड़कों के ऊपर कीचड़ हो गया है। सबसे ज्यादा उन जगहों पर परेशानी हो रही है, जहां सीवर लाइन डालने के लिए सड़क उखाड़ी गई थी। इसमें कुछ जगहों पर सड़क का निर्माण नहीं हो सका है। ऐसे में बारिश के बाद कीचड़ के हालात बने हुए हैं। इसके अलावा सीवर लाइन डालने के बाद तैयार कराई गई सड़क भी संजय नगर आदि मुहल्लों में धंस गई हैं। शहर में जलभराव की समस्या होने के कारण नगर पालिका अधिकारियों के खिलाफ लोग में आक्रोश है। इतना ही नहीं नगर पालिका के खिलाफ टिप्पणी करते हुए लोग इस समस्या के फोटो और वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल कर रहे हैं। वहीं नगर पालिका डा. दीप कुमार वाष्र्णेय ने कहा कि जलभराव की समस्या से जल्द निजात मिलेगी। इसके लिए शासन ने बजट मुहैया हुआ है। पंप सेट से खत्म कराया जलभराव:

शहर के अंदर मार्गो पर हुए जलभराव की अलग-अलग जगहों से नगर पालिका ईओ डा. दीप कुमार वाष्र्णेय के पास लोगों ने शिकायत की थी। इसे लेकर ईओ ने जल निगम के सहायक अभियंता आरके चौधरी के साथ मिलकर शहर में भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने चार जगहों पर हो रहे जलभराव को पंप सेट मशीन से पानी खिचवाते हुए समाप्त कराया। उन्होंने कहा कि जल निगम के अधिकारियों से कहा गया है कि जल्द सीवर का काम पूरा किया जाए। इससे टूटी हुई सड़कें और नालियों को ठीक कराकर जलभराव से लोगों को निजात दिलाई जा सके।

chat bot
आपका साथी