विनोद को मिला ग्रामीण समृद्धि सम्मान

गोरखपुर में मुख्यमंत्री ने किया सम्मानित कृषक उत्पादक संगठन के जरिए बढ़ाया जिले का गौरव

By JagranEdited By: Publish:Tue, 26 Oct 2021 05:59 AM (IST) Updated:Tue, 26 Oct 2021 05:59 AM (IST)
विनोद को मिला ग्रामीण समृद्धि सम्मान
विनोद को मिला ग्रामीण समृद्धि सम्मान

जासं, एटा: कृषक हित तथा ग्रामीण विकास के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए जिले के युवा किसान विनोद चौहान को गोरखपुर में ग्रामीण समृद्धि सम्मान से सम्मानित किया गया है। राष्ट्रीय कृषि और ग्रामीण विकास बैंक द्वारा आयोजित सम्मान समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यह सम्मान दिया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने एटा जैसे पिछड़े जिले में कृषक उत्पादक संगठन से और भी किसानों को जोड़कर उनकी समृद्धि की उम्मीद जताई।

सरकार की ओर से किसानों की आय दोगुनी करने के लिए किसान उत्पादक संगठनों को प्रोत्साहित कर किसान हित तथा ग्रामीण विकास के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में जिले के जैथरा विकास खंड क्षेत्र के गांव मानपुरा निवासी युवा किसान विनोद चौहान ने दो साल पहले 50 किसानों के साथ एग्री फार्म फ्रेश आर्गेनिक फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी की शुरुआत की थी। जैविक खेती को बढ़ावा देते हुए किसान उत्पादक संगठन से दो साल में 450 किसानों को जोड़कर एक करोड़ 17 लाख का कारोबार किया। रूरल मार्ट के जरिए सब्जी तथा अन्य उत्पाद का बेहतर मूल्य दिलाया। राष्ट्रीय कृषि और ग्रामीण विकास बैंक नाबार्ड का सहयोग मिलने से शासन की मंशा को रफ्तार मिली। इन्हीं कार्यों को लेकर प्रदेश के चार किसान उत्पादक संगठनों का चयन किया गया। अब गोरखपुर के आडिटोरियम में विनोद चौहान को मुख्यमंत्री द्वारा सम्मानित किया गया। संगठन सदस्य सुखेंद्र सिंह भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने कृषक विनोद से कृषक संगठन का फीडबैक लेकर आगे भी किसान हित को प्रोत्साहित किया। नाबार्ड के मुख्य महाप्रबंधक डीएस चौहान, डीजीएम प्रभु सत्य साहू सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद थे।

chat bot
आपका साथी