वाल्मीकि जयंती : प्रशासन कराएगा मंदिरों पर वाल्मीकि रामायण का अखंड पाठ

8 12 और 24 घंटे के होंगे कार्यक्रम मंदिरों का जीपीएस लोकेशन मांगा

By JagranEdited By: Publish:Tue, 19 Oct 2021 05:10 AM (IST) Updated:Tue, 19 Oct 2021 05:10 AM (IST)
वाल्मीकि जयंती : प्रशासन कराएगा मंदिरों पर वाल्मीकि रामायण का अखंड पाठ
वाल्मीकि जयंती : प्रशासन कराएगा मंदिरों पर वाल्मीकि रामायण का अखंड पाठ

जासं, एटा: अमृत महोत्सव के तहत महर्षि वाल्मीकि जयंती को प्रशासन वाल्मीकि रामायण का अखंड पाठ कराएगा। कुछ मंदिरों पर हनुमान चालीसा, भजन के कार्यक्रम भी होंगे। यह कार्यक्रम 8, 12 और 24 घंटे तक चलेंगे।प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं और प्रमुख मंदिरों की जीपीएस लोकेशन मंदिर प्रबंधकों से मांगी है। बाल्मीकि जयंती को इस बार भव्य रूप देने की योजना है।

जिलाधिकारी अंकित अग्रवाल ने अधीनस्थ विभागों को निर्देश दिए हैं कि अमृत महोत्सव की श्रंखला चल रही है, जिसके तहत वाल्मीकि जयंती को भी यादगार रूप देना है। सभी कार्यक्रम आठ से लेकर 24 घंटे तक कराए जाएं, जिसमें अखंड पाठ भी शामिल है। भगवान राम, हनुमान तथा रामायण से संबंधित सभी महत्वपूर्ण स्थलों व मंदिरों का चयन करने को कहा गया है। यह निर्देश दिए गए हैं कि जिन मंदिरों पर कार्यक्रम आयोजित होने हैं उनकी जीपीएस लोकेशन भी ले ली जाए। मंदिर प्रबंधकों से मंदिरों का ब्यौरा मांगा गया है। मंदिरों पर सजावट और रोशनी करने के निर्देश दिए हैं।

प्रबंधकों से कहा गया है कि अगर जिले में राम-जानकी मार्ग तथा राम वन गमन मार्ग के स्थल हों तो उसका पूरा विवरण, पता, फोटो तथा संपर्क वाले व्यक्ति का मोबाइल नंबर तक उपलब्ध कराएं। चयनित मंदिरों एवं स्थलों पर कलाकारों, भजन गायकों के जरिए कार्यक्रम आयोजित कराए जाएं। प्रत्येक मंदिर पर कार्यक्रम की देखरेख के लिए एक नोडल अधिकारी की नियुक्ति की गई है। डीएम ने जिला, तहसील और विकास खंड स्तरीय समितियों का गठन भी किया है। चयनित मंदिरों पर सफाई, पेयजल, ध्वनि, प्रकाश और सुरक्षा व्यवस्था करने के भी निर्देश दिए गए हैं। कार्यक्रम स्थलों पर अनापत्ति प्रमाण पत्र भी लेने के लिए मंदिर प्रबंधकों से कहा गया है। तैयारियों के संबंध में बैठक भी हुई, जिसमें सीडीओ डा. अवधेश कुमार वाजपेयी, सीएमओ डा. उमेश चंद्र त्रिपाठी, सीवीओ डा. एसपी सिंह, जिला कृषि अधिकारी एमपी सिंह, डा. अभिनव दुबे आदि मौजूद रहे।

chat bot
आपका साथी