80 गांव के लोग अंधेरे में रहने के लिए मजबूर

बारिश का पानी भर जाने के कारण जलेसर में तीन दिन से बंद हैं दो फीडर विद्युत सप्लाई ठप

By JagranEdited By: Publish:Fri, 23 Jul 2021 06:07 AM (IST) Updated:Fri, 23 Jul 2021 06:07 AM (IST)
80 गांव के लोग अंधेरे में रहने के लिए मजबूर
80 गांव के लोग अंधेरे में रहने के लिए मजबूर

जासं, जलेसर: तहसील जलेसर क्षेत्र में स्थापित दो विद्युत फीडर पानी भर जाने के कारण तीन दिन से बंद पड़े हुए हैं। इस कारण क्षेत्र की बिजली सप्लाई पूरी तरह से ठप पड़ी हुई है। 80 गांव के लोग अंधेरे में रहने के लिए मजबूर हैं। लोगों को अन्य तरह की परेशानियों का भी सामना करना पड़ रहा है। अधिकारियों ने फीडर का निरीक्षण किया है।

विद्युत उपखंड जलेसर के अंतर्गत पटना पक्षी विहार एवं आइटीआइ दो फीडर आते हैं। इनमें तीन दिन हुई बारिश के बाद पानी भर गया है। जिस कारण विद्युत सप्लाई सुचारू नहीं हो पा रही है। जलभराव खत्म कराने के लिए विद्युत विभाग की तरफ से तीन दिन में कोई ठोस कदम न उठाने को लेकर जलेसर क्षेत्र के लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। 80 गांव अंधेरे में रहने के लिए मजबूर हैं। किसानों की शिकायत के बाद उप जिलाधिकारी मानवेंद्र सिंह एवं उपखंड विद्युत अधिकारी हरि ओम सोनी ने फीडर पर पहुंचकर निरीक्षण किया। जहां उन्होंने कहा कि अस्थाई तौर पर बिजली सप्लाई सुचारू कराई जाए। इसे लेकर कर्मचारियों ने आइटीआइ विद्युत स्टेशन पर विद्युत व्यवस्था कुछ समय के लिए सुचारू कर दी। हालांकि पटना पक्षी विहार फीडर से सप्लाई शुरू नहीं हो सकी थी।

चार दिन से विद्युत व्यवस्था खराब होने पर पूर्व विधायक कुबेर सिंह अंगरिया, भाजपा नेता अजीत प्रताप सिंह, ग्राम प्रधान हरेंद्र सिंह, डा. सुरेंद्र पाल सिंह, तेजेंद्र सिंह, सपा नेता सोनी ठाकुर, अनेक सिंह राजपूत आदि ने आक्रोश व्यक्त किया। साथ ही उन्होंने कहा कि 24 घंटे के अंदर विद्युत व्यवस्था सुचारू कराई जाए। इसके बाद विद्युत स्टेशन पर ताला बंदी की जाएगी। इन गांव में ठप है विद्युत व्यवस्था:

तीन दिन की बारिश के बाद जलेसर क्षेत्र के करीब 80 गांव में विद्युत सप्लाई ठप है। इनमें से पटना पक्षी विहार, गणेशपुर, मकसूदपुर, पिल खतरा, बनवारीपुर, खोजपुर, जमालपुर, विष्णुपुर, फरीदपुर, सरसेला, जेनपुरा, मुढई प्रहलाद नगर, सराय, राजनगर, नगला गोदी, शंकरगढ़ आदि गांव शामिल हैं।

chat bot
आपका साथी