दिनभर रिमझिम फुहारें, तेज हवा से होर्डिंग गिरे

तापमान में आई गिरावट कचे मार्गों पर दलदल सीवर की खोदाई के कारण हालात और बिगड़े

By JagranEdited By: Publish:Fri, 17 Sep 2021 05:53 AM (IST) Updated:Fri, 17 Sep 2021 05:53 AM (IST)
दिनभर रिमझिम फुहारें, तेज हवा से होर्डिंग गिरे
दिनभर रिमझिम फुहारें, तेज हवा से होर्डिंग गिरे

जासं, एटा: सुबह शुरू हुई रिमझिम बारिश शाम तक होती रही। इससे मौसम में ठंडक हो गई। कच्चे मार्गों पर फिसलन होने से लोगों को परेशानियों को सामना करना पड़ा। सीवर खोदाई वाले स्थानों पर लोगों को काफी परेशान होना पड़ा। कुछ जगहों पर जलभराव भी हो गया। तापमान में गिरावट आई है। तेज हवा के कारण होर्डिंग गिर गए।

गुरुवार को सुबह करीब 11 बजे से रिमझिम बारिश तेज हवा के साथ शुरू हुई। दोपहर के वक्त कुछ समय के लिए बूंदाबांदी थमी, मगर इसके बाद हवा के साथ फिर से शुरू हो गई। काफी समय बाद भी जब बंद नहीं हुई तो लोग भीगते हुए कार्यालय सहित अन्य जगहों पर पहुंचे। तापमान 32 डिग्री से गिरकर कर 27 तक पहुंच गया। इसे लेकर लोगों ने ठंडक महसूस की। वहीं रिमझिम बारिश होने के कारण शहर के कच्चे मार्गों पर फिसलन हो गई। खासतौर पर सीवर खोदाई वाले रास्तों पर जलभराव और कीचड़ होने से लोगों को राह निकलना दूभर हुआ। शहर के जीटी रोड घंटाघर से अलीगंज तिराहा तक सीवर खोदाई के बाद पड़ी मिट्टी से कीचड़ हो गया। इससे राह निकलने वाले लोगों को काफी परेशानी हुई। इसके अलावा आवास विकास तिराहा मार्ग पर खोदाई के बाद बंद हुए सीवर काम के कारण सड़क पर जलभराव और कीचड़ हो गया। लोग इधर से उधर आने जाने के लिए दूसरे मार्गों से गुजरते हुए दिखाई दिए। वहीं जिला कृषि अधिकारी एमपी सिंह ने बताया कि रिमझिम बारिश हुई है। इससे किसानों को फायदा है।

----------

विद्युत सप्लाई रही बाधित:

तेज हवा के साथ हुई बारिश के कारण शहर में विद्युत सप्लाई बाधित रही। हवा और बारिश के कारण कई जगहों पर फाल्ट हो गए। इसे लेकर विद्युतकर्मियों को फाल्ट खोजने में समय लगा। शहर के अंदर चार से पांच घंटे तक विद्युत सप्लाई बाधित रही। हवा थमने के बाद शुरू हुई सप्लाई के बाद लोगों को राहत मिली।

chat bot
आपका साथी