अतिक्रमण होने से सिमटा शहर का मुख्य नाला

जिलाधिकारी ने अतिक्रमण मुक्त नाले का दिया था आदेश अभी तकनहीं शुरू हुआ अभियान

By JagranEdited By: Publish:Sun, 19 Sep 2021 05:48 AM (IST) Updated:Sun, 19 Sep 2021 05:48 AM (IST)
अतिक्रमण होने से सिमटा शहर का मुख्य नाला
अतिक्रमण होने से सिमटा शहर का मुख्य नाला

जासं, एटा: नगर पालिका क्षेत्र का मुख्य नाला मारहरा दरवाजा से भदौं के ताल तक जाता है। इस पर लोगों ने मकान और दीवार लगाकर अतिक्रमण कर लिया है। इससे नाला आधी चौड़ाई तक ही सिमट गया है। अतिक्रमण हटवाने के लिए जिलाधिकारी ने पालिका को आदेश दिया था। इसके बाद भी नाले पर अतिक्रमण हटाओ अभियान शुरू नहीं हो सका है।

पिछले दिनों हुई झमाझम बारिश के कारण शहर के मुहल्ला श्याम नगर में अच्छाखासा जलभराव हो गया था। लोगों को मुहल्ले से घर छोड़कर पलायन करना पड़ा था। इसके बाद प्रशासन ने मशक्कत करते हुए ईसन नदी की सफाई कराते हुए अतिक्रमण को हटवाया था। उसी समय जिलाधिकारी ने सभी नालों को अतिक्रमण मुक्त करने का आदेश पालिका को दिया था। शहर का मारहरा दरवाजा से भदौं के ताल तक जाने वाला चार किलोमीटर लंबा मुख्य नाला है। कागजों में 16 मीटर की चौड़ाई है, जबकि मौके पर महज आठ और 10 मीटर के दायरे में ही नाला चल रहा है। लोगों ने मकान और दीवार लगाकर अतिक्रमण करते हुए नाला सकरा कर दिया है। नगर पालिका ईओ डा. दीप कुमार वाष्र्णेय ने बताया कि लेखपाल और नगर पालिका की टीम बनाई गई है। जल्द ही अतिक्रमणकारियों को चिन्हित कर नाला अतिक्रमण मुक्त कराया जाएगा।

chat bot
आपका साथी