प्रधान पद के दावेदार की हत्या कर शव पेड़ पर लटकाया

खेत पर बने मछली तालाब में नलकूप से पानी भरने गए प्रधान पद के दावेदार क

By JagranEdited By: Publish:Tue, 02 Feb 2021 02:39 AM (IST) Updated:Tue, 02 Feb 2021 02:39 AM (IST)
प्रधान पद के दावेदार की हत्या कर शव पेड़ पर लटकाया
प्रधान पद के दावेदार की हत्या कर शव पेड़ पर लटकाया

जागरण संवाददाता, एटा: खेत पर बने मछली तालाब में नलकूप से पानी भरने गए प्रधान पद के दावेदार की बदमाशों ने हत्या कर दी। घटना को छिपाने के लिए आरोपितों ने उसके शव को पेड़ पर रस्सी से लटका दिया। मामले की जानकारी मिलने के बाद एएसपी, क्षेत्राधिकारी और मिरहची थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई थी।

थाना मिरहची के गांव दत्तेई निवासी अभयप्रताप उर्फ छोटे 38 वर्ष का गांव से एक किलोमीटर दूर खेत है। जहां उसने मछली पालन किया है। रविवार शाम करीब 6 बजे वह घर से खेत पर तालाब में श्रीपाल के नलकूप से पानी भरने के लिए गया था। काफी समय बीत जाने के बाद भी जब वह घर नहीं लौटा तो स्वजन ने उसके मोबाइल पर फोन किया। लगातार फोन करने के बाद भी काल रिसीव नहीं हुई तो घर के लोग उसकी तलाश में खेत पर पहुंचे। इसके बाद सुबह स्वजन और गांव के लोग उसकी तलाश कर रहे थे। उसी समय उसका शव तालाब से कुछ दूर आम के पेड़ पर लटका हुआ मिला।

सूचना मिलते ही मिरहची पुलिस के साथ ही अपर पुलिस अधीक्षक ओपीसिंह भी मौके पर पहुंच गए। वहीं घटना की रिपोर्ट मृतक के भाई पंकज कुमार ने अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या कर शव लटकाने की दर्ज कराई है। जिस पर पुलिस जांच कर हत्यारोपितों का पता लगा रही है। एएसपी ने बताया कि मृतक की पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत का कारण साफ हो सकेगा। फिलहाल हत्या में मुकदमा दर्ज कराया गया है। जिला कारागार में निरुद्ध दुष्कर्म के आरोपित बंदी की मौत : दुष्कर्म के आरोप में जिला कारागार में निरुद्ध विचाराधीन बंदी की सुबह मौत हो गई। चार माह से वह कारागार में बंद था। चिकित्सकों ने मौत का कारण हार्ट अटैक बताया है।

थाना कोतवाली देहात के गांव न्यौराई निवासी 35 वर्षीय प्रमोद कुमार के खिलाफ एक व्यक्ति ने महिला के साथ दुष्कर्म करने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इस पर पुलिस ने उसे पकड़ कर जेल भेज दिया था। इसके बाद वह 6 अक्टूबर 2019 से जिला कारागार में निरुद्ध था। सोमवार सुबह छह बजे उसकी तबियत खराब हो गई। जिसे जेल प्रशासन ने आनन-फानन में जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जेल अधिकारियों ने मामले की जानकारी उसके स्वजन को दी। पोस्टमार्टम हाउस पर मृतक की पत्नी सपना ने बताया कि उसकी भांजी रूबी दो दिन पहले पति से मुलाकात करके गई थी। उस समय पति ने कोई बीमारी या फिर परेशानी की बात नहीं कही थी। वहीं जेल अधीक्षक पीपीसिंह ने कहा कि बंदी का जेल में आने के सात दिन बाद बीमार होने पर टेस्ट कराया गया था। जिसमें उसे टीवी और एड्स होना पाया गया था। सुबह उसकी हृदयगति रुकने से मौत हुई है।

chat bot
आपका साथी