चालक-परिचालकों की मनमानी, यात्रियों की परेशानी

ज्यादातर मार्गों पर बस संचालन की समय सारणी नहीं कभी कतार तो किसी समय पर रहता टोटा

By JagranEdited By: Publish:Sat, 27 Feb 2021 06:52 AM (IST) Updated:Sat, 27 Feb 2021 06:52 AM (IST)
चालक-परिचालकों की मनमानी, यात्रियों की परेशानी
चालक-परिचालकों की मनमानी, यात्रियों की परेशानी

जासं, एटा: उत्तर प्रदेश परिवहन निगम का जोर भले ही हर मार्ग पर समय सारणी के अनुरूप बस संचालन का हो, लेकिन यहां सब कुछ चालक-परिचालकों की मनमानी से चल रहा है। परिणाम बसों की उपलब्धता के बावजूद यात्री डग्गामार वाहनों में लदने के लिए मजबूर हैं। नुकसान रोडवेज के राजस्व का हो रहा है।

कोरोना संक्रमण काल में भले ही बस संचालन की समय सारणी हालातों ने बिगाड़ दी, लेकिन अब खुद चालक-परिचालक जिम्मेदारों की अनदेखी से यात्रियों को छका रहे हैं। एटा, अलीगंज, फर्रुखाबाद मार्ग का फिलहाल बस संचालन समय अनुसार नहीं हो रहा है। कई महीनों से डिपो की डेढ़ दर्जन से ज्यादा बसों का संचालन हो रहा है, लेकिन समय सारणी तय न होने से यात्री परेशान तथा डग्गामार वाहनों का फायदा हो रहा है। सुबह आठ बजे तक एटा डिपो की बसें रवाना हो जाती हैं और फिर तीन घंटे डग्गामार वाहनों पर ही यात्रियों को आश्रित होना पड़ता है। यही हाल शाम को पांच बजे से भी दिखाई देता है, जब स्थानीय बसें गायब हो जाती हैं। पर्याप्त बसें होने के बावजूद भी ऐसी स्थिति के पीछे चालक-परिचालकों द्वारा समय सारणी के अनुरूप संचालन न कर अपनी मनमानी करना है। बताया यह भी जा रहा है कि यह सब राजस्व चोरी के लिए हथकंडा है। उधर, बस स्टैंड पर भी डिपो की बसों की समय सारणी अंकित न होने से यात्री बस सेवाओं को लेकर परेशान दिखते हैं। यही नहीं कई रात्रिकालीन सेवाएं भी समय सारणी के मामले में नियमित नहीं है। जिम्मेदार सिर्फ आय पर ही गौर फरमाए हैं, जिन्हें यात्री समस्याओं से सरोकार नहीं हैं।

chat bot
आपका साथी