छेड़छाड़ से आहत किशोरी चौथी मंजिल से कूदी, मौत
जिला अस्पताल में दोपहर की घटना सनसनी युवक रास्ते में करता था छेड़छाड़ गिरफ्तार
एटा: आए दिन छेड़छाड़ से आहत एक किशोरी ने सोमवार दोपहर जिला अस्पताल की चौथी मंजिल से कूद कर खुदकुशी कर ली। वो अस्पताल के पास ही रहती थी। मां की तहरीर पर युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के बाद पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार भी कर लिया।
जिला अस्पताल के पास ही एक कालोनी है। सोमवार दोपहर को दंपती बेटे को लेकर डाक्टर के पास गए थे, घर पर बेटी अकेली थी।
दोपहर करीब एक बजे किशोरी जिला अस्पताल की मेटरनिटी विग की चौथी मंजिल पर पहुंच गई और वहां से छलांग लगा दी। जमीन पर लहूलुहान किशोरी की हालत देख लोगों में सनसनी फैल गई। किशोरी को इमरजेंसी ले जाया गया, जहां डाक्टर ने मृत घोषित कर दिया।
बेटी की मौत की जानकारी होते ही दंपती भी दौड़े-दौड़े पहुंच गए। मां ने तहरीर दी। जिसमें कहा कि नजदीकी एमपी नगर निवासी गौरव सिकरवार (25) उनकी बेटी के साथ आए दिन ही अभद्रता करता था, जिसकी वजह से उसने अपनी जान दे दी। पुलिस ने गौरव के खिलाफ खुदकुशी के लिए प्रेरित करने का मुकदमा दर्ज कर लिया। आरोपित को गिरफ्तार भी कर लिया है। रविवार शाम को भी की थी छेड़छाड़
स्वजन ने पुलिस को बताया कि किशोरी रविवार शाम एमपी नगर में दूध लेने गई थी। रास्ते में गौरव सिकरवार ने रोक उसके साथ अभद्रता की। किशोरी लौटकर ये बात बताई थी। ट्यूशन जाते समय भी गौरव परेशान करता था। आए दिन की हरकत से किशोरी बहुत गुमसुम थी। पांच साल पहले रहा था किराए पर
गौरव पांच साल किशोरी के यहां पहले किराए पर भी रहा था। इसके बाद वर्ष 2015 में वह एमपी नगर में रहने लगा। वो मास्क और सैनिटाइजर बेचता है। डेढ़ साल पहले गौरव ने विकास नगर में मकान बनवा लिया, वो यहीं रहा है। छात्रा ने मेटरनिटी विग की चौथी मंजिल से कूदकर जान दी है। परिवार ने एक युवक पर अभद्रता करने का आरोप लगाया है। तहरीर के आधार पर आत्महत्या के लिए प्रेरित करने का मामला दज कर लिया गया है। आरोपित भी गिरफ्तार कर लिया है।
- सुनील कुमार सिंह, एसएसपी एटा