गरीब कल्याण दिवस पर लोगों को मिली योजनाओं की सौगात

सांसद राजवीर सिंह ने किया कार्यक्रम का शुभारंभ डीएम ने लोगों को दी योजनाओं की जानकारी

By JagranEdited By: Publish:Sun, 26 Sep 2021 05:30 AM (IST) Updated:Sun, 26 Sep 2021 05:30 AM (IST)
गरीब कल्याण दिवस पर लोगों को मिली योजनाओं की सौगात
गरीब कल्याण दिवस पर लोगों को मिली योजनाओं की सौगात

जासं, एटा: पंडित दीनदयाल की जयंती पर जिले के सभी विकासखंड पर गरीब कल्याण दिवस एवं किसान कल्याण मेला का आयोजन किया गया। शुभारंभ सांसद राजवीर सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने संयुक्त रूप से फीता काट कर किया। कार्यक्रम में श्रम, स्वास्थ्य, बेसिक शिक्षा, आयुष्मान भारत, आइसीडीएस, कृषि, खाद्य एवं रसद आदि विभागों द्वारा स्टाल लगाकर लोगों को योजनाओं की जानकारी देते हुए उन्हें योजनाओं से लाभांवित किया।

सांसद राजवीर सिंह, सदर विधायक विपिन वर्मा डेविड, मारहरा विधायक वीरेन्द्र सिंह लोधी, जिलाधिकारी अंकित कुमार अग्रवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष संदीप जैन आदि ने शीतलपुर विकास खंड पर आयोजित हुए गरीब कल्याण दिवस में प्रतिभाग किया। सांसद राजवीर सिंह ने विभिन्न स्टाल का निरीक्षण कर जानकारी की। उन्होंने योगेन्द्र कुमार निवासी कोसमा जलेसर द्वारा लगाए गए माटी कला बोर्ड के स्टाल पर जाकर पीने के पानी की बोतलों को भी खरीदा। उन्होंने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अन्त्योदय के सपने को प्रदेश एवं केन्द्र सरकार साकार कर रही है। सरकार बिना किसी भेदभाव के कार्य करते हुए किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, उज्ज्वला योजना, फसल की क्षतिपूर्ति, राशन वितरण, सामूहिक विवाह, आयुष्मान भारत योजना सहित अन्य योजनाओं से लाभांवित कर रही है।

मारहरा विधायक वीरेन्द्र सिंह लोधी ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार गरीबों को समर्पित सरकार है। दीनदयाल की विचारधारा के साथ सरकार आगे बढ़ रही है। बालिकाएं, महिलाएं पूर्ण रूप से सुरक्षित है। सरकार ने भयमुक्त वातारण जनता को उपलब्ध कराया है।

जिलाधिकारी अंकित कुमार अग्रवाल ने कहा कि जनपद के सभी ब्लाक मुख्यालयों पर दीनदयाल के जन्म दिवस पर कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। समाज के आखरी पायदान पर खड़े व्यक्ति को लाभ देने के लिए सरकार ने विभिन्न योजनाएं संचालित की है। ग्रामीणों द्वारा आज बढ़ चढ़कर गरीब कल्याण दिवस में प्रतिभाग किया गया है। पेंशन, आयुष्मान कार्ड सहित अन्य लाभार्थीपरक योजनाओं से जनसामान्य को आच्छादित करने को कैंप का आयोजन किया गया है। मुख्य विकास अधिकारी डा. अवधेश कुमार वाजपेयी ने कार्यक्रम के अंत में सभी का आभार प्रकट किया। संचालन जिला विकास अधिकारी एसएन सिंह कुशवाह ने किया। सदर विधायक विपिन वर्मा डेविड, मारहरा विधायक वीरेन्द्र सिंह लोधी, जिला प्रभारी नागेन्द्र सिकरवार, ब्लाक प्रमुख पुष्पेन्द्र कुमार लोधी, डिप्टी कलेक्टर अबुल कलाम, एडीपीआरओ मनोज कुमार, प्रभारी डीपीओ संजय सिंह, जिला कृषि अधिकारी एमपी सिंह, सुधीर कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारीगण एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

chat bot
आपका साथी