बूंदाबांदी से सड़कें गीली, गर्म हवा से मिली निजात

एक डिग्री तापमान में गिरावट किसानों को है अच्छी बारिश का इंतजार

By JagranEdited By: Publish:Sun, 13 Jun 2021 06:45 AM (IST) Updated:Sun, 13 Jun 2021 06:45 AM (IST)
बूंदाबांदी से सड़कें गीली, गर्म हवा से मिली निजात
बूंदाबांदी से सड़कें गीली, गर्म हवा से मिली निजात

जासं, एटा: शनिवार को मौसम में बदलाव देखने को मिला। दोपहर के वक्त आसमान में बादल छा गए। हल्की बूंदाबांदी से सड़कें थोड़ी गीली हो गईं। इससे गर्म हवा से निजात मिली है। लोगों ने राहत महसूस की। इस बीच अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि शुक्रवार को तापमान 38 डिग्री सेल्सियस था।

दोपहर 12 बजे जब आसमान में बादल छा गए और घटाएं भी दिखाई देने लगीं तो एक बार के लिए लगा कि तेज बारिश होगी, लेकिन हवा इतनी तेज थी कि बादलों को उड़ा ले गई और महज छींटे ही पड़े, जिससे सड़कें गीली हो गईं। करीब 15 मिनट तक हल्की बूंदाबांदी होती रही। थोड़ी देर बाद ही यह थम गई और धूप भी निकल आई। इसके बाद शाम तक यह धूप खिली रही, लेकिन मौसम की नजाकत कुछ बदल गई। गर्मी से कुछ हद तक राहत भी महसूस की गई। पिछले कई दिन से गर्म हवा लोगों को परेशान कर रही थी। सार्वजनिक स्थानों पर लोगों का बुरा हाल था। खासतौर पर रोडवेज बस स्टैंड पर यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। शनिवार को जो बूंदाबांदी हुई उसका खेतों पर कोई असर नहीं पड़ा।

गांव बाबसा के किसान हुकुम सिंह ने बताया कि इस समय खेतों को पानी चाहिए और अगर अच्छी बारिश हो जाती है तो इससे काफी हद तक लाभ होगा। इस बीच अधिकतम तापमान 37 डिग्री जबकि न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस रहा। कस्बाई इलाकों में भी गर्मी से कुछ राहत:

कस्बाई इलाकों में भी गर्मी से कुछ हद तक राहत मिली है। जिला मुख्यालय और कस्बाई इलाकों में ज्यादा लोग सड़कों पर नहीं थे क्योंकि साप्ताहिक बंदी का दिन था। लोग घरों से कम ही निकले।

chat bot
आपका साथी