गांधी का संदेश लेकर आई सीआइएसएफ की साइकिल यात्रा

जन-जन को दे रहे गांधी के आदर्शों पर चलने का संदेश दो अक्टूबर को गांधी समाधि स्थल पर होगा समापन

By JagranEdited By: Publish:Sun, 26 Sep 2021 05:21 AM (IST) Updated:Sun, 26 Sep 2021 05:21 AM (IST)
गांधी का संदेश लेकर आई सीआइएसएफ की साइकिल यात्रा
गांधी का संदेश लेकर आई सीआइएसएफ की साइकिल यात्रा

जासं, एटा: आजादी के अमृत महोत्सव के उपलक्ष्य में केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआइएसएफ) की साइकिल यात्रा शनिवार को यहां पहुंची, जिसका जोरदार स्वागत किया गया। इस दौरान गांधीजी के संदेश को भी आमजन के बीच प्रचारित किया गया।

सीआइएसएफ की यह यात्रा बिहार के चंपारण स्थित गांधी आश्रम से 11 सितंबर से शुरू हुई थी। यह यात्रा दो अक्टूबर को महात्मा गांधी के समाधि स्थल दिल्ली पहुंचेगी। शनिवार को यहां टीम में शामिल निरीक्षक श्यामल कुमार, हीरालाल, ओपी यादव समेत दर्जनभर सीआइएसएफ के अधिकारी साइकिल यात्रा लेकर यहां आए। जीटी रोड पर सीओ सिटी राजकुमार ने यात्रा की अगवानी की तथा स्वागत किया। बाद में विश्राम के लिए सभी को साक्षी आश्रम में ठहराया गया है। टीम मैनेजर श्यामल कुमार ने बताया कि साइकिल यात्रा में 62 सदस्य हैं। एक-एक साइकिल पर दो-दो जवान सवार हैं।

उन्होंने कहा कि जब से यह यात्रा शुरू हुई है तब से निर्बाध गति से चल रही है, जहां पड़ाव निर्धारित है वहीं ब्रेक दिया जाता है। रविवार को सुबह यह यात्रा 10 बजे एटा से सिकंदराराऊ के लिए रवाना होगी। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के लिए यह यात्रा निकाली गई है। गांधीजी ने अहिसा का पाठ पढ़ाया और राष्ट्र को एक सूत्र में पिरोने का काम किया। आज गांधीजी के आदर्शों पर हम सभी को चलना चाहिए। उन्होंने कहा कि जहां भी यात्रा का पड़ाव होता है उस शहर के लोगों से हम मिलते हैं तथा गांधी जी का संदेश देते हैं। आजादी के अमृत महोत्सव से हर किसी को जुड़ना चाहिए। शहर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र नाथ मिश्रा भी मौजूद रहे।

chat bot
आपका साथी