शहर में हर सप्ताह दो दिन चलेगा अवैध पार्किंग हटाओ अभियान

बुधवार और गुरुवार को की जाएगी कार्रवाई नगर पालिका ने गठित की टीम

By JagranEdited By: Publish:Fri, 24 Sep 2021 05:52 AM (IST) Updated:Fri, 24 Sep 2021 05:52 AM (IST)
शहर में हर सप्ताह दो दिन चलेगा अवैध पार्किंग हटाओ अभियान
शहर में हर सप्ताह दो दिन चलेगा अवैध पार्किंग हटाओ अभियान

जासं, एटा: शहर में अवैध रूप से बनाए गए टैक्सी स्टैंड व पार्किंग के खिलाफ नगर पालिका हर सप्ताह बुधवार और गुरुवार को अभियान चलाएगी। इसके लिए टीम गठित की गई है। शहर में कई स्थानों पर सड़क किनारे फुटपाथ घेरे हुए है और कुछ स्थानों पर अवैध वसूली भी हो रही है।

जागरण ने अवैध पार्किंग के खिलाफ अभियान चलाया था, जिसमें अवैध वसूली और नागरिकों को होने वाली समस्याओं को प्रमुखता के साथ उठाया था। इस अभियान को लेकर पालिका ने प्रभावी कार्रवाई करने का निर्णय लिया है। सप्ताह में दो दिन अभियान चलाया जाएगा। शहर के अंदर जगह-जगह पर लोगों ने अपने निजी हित को लेकर पार्किंग बना रखी है। सड़क किनारे पार्किंग बनाने वाले लोगों ने पालिका और प्रशासनिक अधिकारियों से अनुमति भी नहीं ली है। मार्ग किनारे वाहन पार्क होने के कारण सड़कें सकरी हो जाती हैं। इससे जाम के हालात बन जाते हैं। इसे लेकर लोगों को घंटों सड़क पर खड़े होकर जाम खुलने का इंतजार करना पड़ता है। इतना ही नहीं जाम लगने के वक्त सड़क हादसे भी हो जाते हैं। वहीं दूसरी तरफ शहर में अधिकांश बाजारों में दुकानदारों ने अतिक्रमण कर लिया है। इससे लोगों को राह निकलने में परेशानी होती है। सदर तहसील में भी अवैध पार्किंग संचालित है।

ईओ डा. दीप कुमार वाष्र्णेय ने बताया कि इस अभियान के लिए पालिका कर्मचारियों की टीम बनाई गई है। प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में हर सप्ताह दो दिन अभियान चलाया जाएगा। जिसमें लोगों के खिलाफ जुर्माना सहित अन्य वैधानिक कार्रवाई भी की जाएगी।

chat bot
आपका साथी