एटा में सपा की रेखा और भाजपा की विनीता के बीच मुकाबला

अन्य किसी पार्टी की ओर से उम्मीदवार घोषित नहीं किया गया

By JagranEdited By: Publish:Sat, 26 Jun 2021 06:27 AM (IST) Updated:Sat, 26 Jun 2021 06:27 AM (IST)
एटा में सपा की रेखा और भाजपा की विनीता के बीच मुकाबला
एटा में सपा की रेखा और भाजपा की विनीता के बीच मुकाबला

जासं, एटा : जिला पंचायत अध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर मुकाबले की तस्वीर अब लगभग साफ हो चुकी है। फिलहाल सपा और भाजपा चुनाव मैदान में हैं। अन्य किसी पार्टी की ओर से उम्मीदवार घोषित नहीं किया गया है। इसलिए यह माना जा रहा है कि सपा की रेखा यादव और भाजपा की विनीता यादव के बीच मुकाबला होगा। इस प्रतिष्ठापूर्ण चुनाव के लिए भाजपा और सपा ने ताकत झोंकरखी है।

जिला पंचायत अध्यक्ष पद के प्रत्याशी को लेकर सबसे ज्यादा कश्मकश भाजपा में थी। नामांकन की पूर्व बेला पर पार्टी ने अपने पत्ते खोल दिए। भाजपा को इस चुनाव में हालांकि ज्यादा सफलता नहीं मिली, लेकिन पार्टी की तरफ से जीत का दावा किया जा रहा है। वहीं समाजवादी पार्टी की स्थिति यह है कि उसने अपने जिला पंचायत सदस्यों को पहले से ही अपने पाले में कर रखा है और वे घरों पर भी नहीं हैं। माना यह जा रहा है कि कहीं सुरक्षित ठिकाने पर हैं। भाजपा ने आंकड़ों के संबंध में अपने पत्ते अभी नहीं खोले हैं। पार्टी की तरफ से सिर्फ यही कहा जा रहा है कि उनके पास पर्याप्त सदस्य हैं तथा और ज्यादा समर्थन जुटाने के लिए अन्य सदस्यों से संपर्क किया जा रहा है।

दरअसल, भाजपा की निगाह उन जिला पंचायत सदस्यों पर है जो सपा से बागी होकर चुनाव लड़े और जीत गए। इसके अलावा कई अन्य निर्दलीय भी जीते हैं। पार्टी के सांसद राजवीर सिंह और जिला प्रभारी एवं एमएलसी धर्मवीर प्रजापति यह दावा कर रहे हैं कि सपा के कुछ सदस्य भी संपर्क में हैं। इस बीच शुक्रवार को हाल ही में भाजपा में शामिल हुए सपा नेता गिरीश यादव ने भी अपनी पत्नी उर्मिला देवी के लिए नामांकन पत्र खरीदा है। भाजपा के तीन सदस्यों विनीता यादव, गीता और उर्मिला ने नामांकन के लिए पर्चे लिए हैं, जबकि सपा की तरफ से पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष जुगेंद्र सिंह यादव की पत्नी रेखा यादव तथा उनके पुत्र पुष्पेंद्र यादव की पत्नी सोनी यादव के लिए नामांकन पत्र लिए गए हैं।

chat bot
आपका साथी