जमीन के विवाद में वृद्ध की पीट-पीटकर हत्या

10 आरोपितों के खिलाफ एफआइआर एक गिरफ्तार गुरुवार को वृद्ध के पुत्र पर हुआ था हमला

By JagranEdited By: Publish:Tue, 29 Sep 2020 07:22 AM (IST) Updated:Tue, 29 Sep 2020 07:22 AM (IST)
जमीन के विवाद में वृद्ध की पीट-पीटकर हत्या
जमीन के विवाद में वृद्ध की पीट-पीटकर हत्या

एटा, जासं। थाना मिरहची के गांव नगला नरायन में एक वृद्ध की लाठी-डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना के पीछे जमीन का विवाद बताया गया है। गुरुवार को भी दो पक्षों में झगड़ा हुआ था, इसमें वृद्ध का पुत्र घायल हुआ था।

27 सितंबर की देर शाम 60 वर्षीय महेंद्र पाल सिंह दवा लेने के लिए कासगंज जा रहे थे। वे घर से निकले ही थे कि तभी उन्हें गांव के ही फूल सिंह और उसके परिवार वालों ने महेंद्र को घेर लिया। लाठी-डंडे से उनकी पिटाई कर दी। उनके गंभीर चोटें आईं। परिवार के लोग रात में ही महेंद्र को जिला अस्पताल लाए। रात करीब दो बजे उनकी मौत हो गई।

महेंद्र और फूल सिंह के परिवार के बीच एक बीघा जमीन को लेकर काफी समय से विवाद चल रहा है। इस जगह पर फिलहाल फूल सिंह का कब्जा है। पहले भी कई बार झगड़े हो चुके हैं। मृतक के पुत्र ब्रजेश ने बताया कि 24 सितंबर को उस पर धारदार हथियारों से हमला किया गया, जिसमें वह जख्मी हुआ था। उस समय पुलिस फूल सिंह को पकड़कर ले गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की और आरोपित को छोड़ दिया। इसके बाद रविवार देर शाम उसके पिता महेंद्र पर हमला कर दिया गया। पोस्टमार्टम गृह पर नगला नरायन से काफी महिलाएं आई थीं। उन्होंने हत्या के पीछे पुलिस की अनदेखी पर रोष जताया है। अधिकारी उन्हें समझाने में लगे रहे।

इधर, कई थानों का फोर्स गांव नगला नरायन पहुंच गया और आरोपितों की तलाश में दविश दीं, मगर कोई भी नहीं मिला। ब्रजेश की तहरीर पर फूल सिंह, ज्ञानेंद्र, वीरू उर्फ वीरेश, राजू, करन सिंह, लक्ष्मण सिंह, अनीता, धर्मेंद्र, सतेंद्र और मुनेंद्र के खिलाफ हत्या की एफआइआर दर्ज कर ली है। अपर पुलिस अधीक्षक ओपी सिंह ने बताया कि आरोपितों की तलाश की जा रही है, शीघ्र ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इससे पहले पोस्टमार्टम रिपोर्ट का भी इंतजार है।

chat bot
आपका साथी